Bihar Politics: ‘दलित-गरीब समझकर मुझे पीटा गया, पुलिस मूकदर्शक बनी रही…’, संसद में कांग्रेस MP मनोज राम ने सुनाई आपबीत
Bihar Politics: 30 जनवरी को कैमूर जिले में कुदरा थाना क्षेत्र के नाथोपुर गांव के पास कांग्रेस के सासाराम से सांसद मनोज राम पर हमला हुआ था. इस घटना में कांग्रेस सांसद का सिर फूट गया था. अब संसद में कांग्रेस सांसद ने आपबीती सुनाई है.
Bihar Politics: बिहार के सासाराम से कांग्रेस सांसद मनोज राम पर हाल ही में जानलेवा हमला हुआ था. कांग्रेस सांसद ने अब संसद में आपबीती बताई है. अपने ऊपर हुए हमले को बताते समय वह भावुक हो गए. सांसद ने आरोप लगाया कि उन्हें दलित और गरीब समझकर मारा गया. प्रशासन के लोग सामने खड़े हुए मूकदर्शक बने रहे. उन्होंने अपने भतीजे और रिश्तेदार को जबरन जेल में डालने का भी आरोप लगाया है. कांग्रेस सांसद मनोज राम ने संसद के बजट सत्र में यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि 30 जनवरी को वे सदन में आने के लिए निकले थे. रास्ते में पैक्स चुनाव में विजयी सुनील कुमार का जुलूस निकाला जा रहा था.
सांसद ने बताया कि वहां पर मेरा स्कूल भी है. मेरे ड्राइवर ने स्कूल का हवाला देते हुए हल्ला कम करने की बात कही. इस पर वे भड़क गए और मारपीट कर दो ड्राइवरों को अधमरा कर दिया. गांव से कुछ अपराधी तलवार और बंदूक लेकर आ गए. उन्होंने मेरे स्कूल पर हमला कर दिया. सांसद मनोज राम ने बताया कि जब वह समझाइश करने गए तो उन्हें भी पत्थर से मारा गया. दलित होने की वजह से उनपर हमला किया गया. सांसद ने बताया कि उनके दोनों भाइयों ने लोगों के हाथ जोड़कर माफी मांगी और मामले को शांत कराया.
बता दें कि 30 जनवरी को कैमूर जिले में कांग्रेस के सासाराम से सांसद मनोज राम पर हमला हुआ था. यह घटना कुदरा थाना क्षेत्र के नाथोपुर गांव के पास हुई थी. बताया जाता है कि पैक्स चुनाव जीतने के बाद जुलूस लेकर जा रहे लोगों और विद्यालय के बस चालकों में भिड़ंत हो गई थी. इसी को लेकर बीच-बचाव करने के लिए सांसद मनोज राम पहुंचे थे. कुछ लोगों के मुताबिक, जमीनी विवाद को लेकर यह मारपीट हुई थी. लोगों का कहना है कि सांसद के भाई का ग्रामीणों के साथ जमीन को लेकर कुछ विवाद चल रहा था. ऐसे में ग्रामीण सांसद और उनके भाई से नाराज थे. इसी बीच सांसद जब इलाके में पहुंचे तो ग्रामीणों ने उन पर हमला कर दिया. इस हमले में सांसद मनोज कुमार का सिर फट गया है. उन्हें इलाज के लिए पटना भेज दिया गया है.
साभार : ज़ी न्यूज़ इंडिया
नोट: यह समाचार मूल रूप से zeenews.india.com पर प्रकाशित हुआ है और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।








