दो महीने बाद 11 नामजद व 10 अज्ञात पर दर्ज हुआ दलित उत्पीड़न का केस
Kushinagar News – कुशीनगर के कसया में एसपी संतोष कुमार मिश्रा के हस्तक्षेप पर पुलिस ने 11 नामजद और 10 अज्ञात के खिलाफ मारपीट और दलित उत्पीड़न का केस दर्ज किया है। पीड़ित ने एसपी के समक्ष न्याय की गुहार लगाई थी, जिसके…
कुशीनगर। थाना समाधान दिवस कसया में शामिल होने पहुंचे एसपी संतोष कुमार मिश्रा के हस्तक्षेप करने पर कसया पुलिस ने दो महीने पर 11 नामजद व 10 अज्ञात के खिलाफ मारपीट समेत दलित उत्पीड़न का केस दर्ज की है। पीड़ित दोबारा एसपी के समक्ष पहुंचते ही उन्होंने पुलिस कर्मियों को फटकार लगाते हुये तत्काल केस दर्ज करने का आदेश दिया। कसया थाना क्षेत्र के मिश्रौली निवासी दुल्ला प्रसाद पुत्र रामदेव प्रसाद ने पिछले 20 दिसंबर को कसया पुलिस को तहरीर सौंप बताया कि 16 दिसंबर को लड़का विमलेश प्रसाद डिघवा चौराहे पर चिमनी के पास अंडे का ठेला लगा रहा था कि दुकान पर आकाश, अंकित, विपिन, सन्नी, प्रिंस निवासी डिघवा थाना कसया पहुंचे और जबरदस्ती दो-दो अंडा निकाल कर खा लिए और बिना रूपये दिए पुनः तीन-तीन अंडा लेकर खा गए। लड़का द्वारा रुपये मांगने पर उक्त लोगों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दिया। बेटे के विरोध करने पर 10 मिनट बाद एक राय व गोलबंद होकर आकाश सिंह पुत्र राणा प्रताप उर्फ बैलिस्टर सिंह, अंकित पुत्र राजन सिंह, बिपिन पुत्र तेजप्रताप सिंह, प्रिंस पुत्र विजय सिंह, जगरोशन पुत्र उमाशंकर विश्वकर्मा, सन्नी पुत्र हीरालाल, राणा प्रताप, राजन सिंह पुत्रगण विद्या सिंह, विजय पुत्र सुरेंद्र सिंह, जयप्रकाश उर्फ पप्पू पुत्र वासुदेव सिंह व 8 से 10 अज्ञात लोग दुकान पर पहुंचे और हत्या करने की नियत से बेटे विमलेश प्रसाद को गाली देते हुए लोहे की राड और लाठी लंडा से पूरी तरह मार पीट तथा उसका 19500 का मोबाइल, ठेले के गल्ले में रखा 1700 तथा पाकेट में रखा 1000 रूपये छिन लिए। इसके अलावा ठेले पर 21 ट्रे अंडा उठा लिए तथा मारपीट कर बेटे को बेहोश कर फरार हो गए। बेटे का जिला अस्पताल में इलाज करने के बाद सिटी स्कैन में चोट लगने की पुष्टि होने के बाद इलाज से थोड़ी राहत होने पर तहरीर सौंप कार्रवाई की मांग की। थाने से न्याय न मिलने पर उसने दो सप्ताह पूर्व पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाते हुये थाने के सिपाही पर जबरदस्ती सुलह करने और पूरे मामले में नुकसान हुआ रुपये छिनने की बात को तहरीर से निकालने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया था। एसपी ने इस मामले में केस दर्ज करने का आदेश दिया, लेकिन न्याय न मिलने पर पीड़ित ने थाना समाधान दिवस में पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। पीड़ित को देखते ही एसपी ने पुलिस कर्मियों पर नाराजगी जताते हुये केस दर्ज करने का आदेश दिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक कसया ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि एसपी के निर्देश पर 11 नामजद व 10 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
साभार : हिन्दुस्तान
नोट: यह समाचार मूल रूप से www.livehindustan.com पर प्रकाशित हुआ है और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।








