दौसा में चरम पर पहुंची दहशतगर्दी, दलित युवक को घर में घुसकर चाकू से गोदकर मार डाला, मच गया जबर्दस्त बवाल
Dausa News : राजधानी जयपुर से सटे दौसा में दहशतगर्दी चरम पर पहुंची गई है. यहां क्राइम का ग्राफ बेहद तेजी से बढ़ रहा है. रविवार रात को दौसा में मोबाइल के मामूली विवाद को लेकर एक दलित युवक का बेरहमी से कत्ल कर दिया गया. जानें क्या है पूरा मामला|
दौसा. दौसा में क्राइम का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है. रविवार रात को एक दलित युवक को बेरहमी से चाकू से गोद दिया गया. इससे उसकी मौत हो गई. वारदात के बाद वहां जबर्दस्त बवाल मच गया. लोगों ने एक आरोपी को पकड़कर उसकी जमकर धुनाई कर डाली. लेकिन दूसरा फरार हो गया. हत्या की यह वारदात मोबाइल के विवाद को लेकर हुई बताई जा रही है. आरोपियों ने युवक को बचाने आए उसके पड़ोसी पर हमला करने का प्रयास किया.
पुलिस के अनुसार हत्या की यह वारदात दौसा शहर के गणेशपुरा रोड स्थित सत्कार कॉलोनी में हुई. यहां दो युवकों ने विनोद बैरवा (35) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी. रात के समय विनोद के घर पर दो युवक आए. उसके कुछ ही देर बाद विनोद के घर से रोने चिल्लाने की आवाज आई. इस पर पड़ोसी दौड़कर वहां पहुंचे. उसी दौरान वहां से दो युवक भागते हुए नजर आए. यह देखकर पड़ोसियों को कुछ शक हुआ.
घर के अंदर पड़ा था विनोद का खून से लथपथ शव
इस पर लोगों ने एक युवक को दबोच लिया लेकिन दूसरा फरार हो गया. उसके बाद जब लोग विनोद के घर के अंदर गए तो वहां खून से लथपथ विनोद बैरवा का शव चारपाई पर पड़ा था. यह देखकर पड़ोसी सन्न रह गए. वहां खून से सना हुआ चाकू भी पड़ा हुआ था. पड़ोसियों ने तत्काल पुलिस को सूचित किया. वारदात की सूचना मिलते ही दौसा डीएसपी रवि प्रकाश शर्मा और शहर कोतवाल सुधीर कुमार उपाध्याय मौके पर पहुंचे.
मुख्य आरोपी की पहचान हो गई है
उन्होंने घटनास्थल का मौका मुआयना किया. इसके साथ ही FSL और MOB की टीमों को बुलाकर साक्ष्य जुटाए. देर रात विनोद के शव को दौसा जिला अस्पताल की मोर्चरी में शिफ्ट करवाया गया. लोगों ने जिस युवक को पकड़ा था वह नाबालिग बताया जा रहा है. लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर उसे बांध दिया. पुलिस उसके दस्तावेजों से उम्र का वेरिफिकेशन कर रही है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में आरोपी की पहचान हो गई है. उसका नाम राहुल मीणा बताया जा रहा है.
26 जनवरी को मोबाइल को लेकर विवाद हो गया था
पुलिस के अनुसार 26 जनवरी के दिन में विनोद बैरवा और आरोपी राहुल मीणा के बीच मोबाइल की बात को लेकर विवाद हो गया था. उसी विवाद के चलते रात के समय राहुल मीणा और अपने साथी के साथ विनोद बैरवा के घर पहुंचा. वहां उसने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर विनोद की हत्या कर दी. फिलहाल पुलिस राहुल मीणा की तलाश कर रही है. नाबालिग से भी पूछताछ की जा रही है. कोतवाल सुधीर कुमार उपाध्याय ने बताया कि राहुल की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा.
सौजन्य: न्यूज़ 18
नोट: यह समाचार मूल रूप सेhindi.news18.com/ पर प्रकाशित हुआ है और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है|







