दलित युवक की संदिग्ध मौत से इलाके में तनाव, भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन
दलित युवक की संदिग्ध मौत से इलाके में तनाव, भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन
आगर मालवा, बड़ौद। बड़ौद थाना क्षेत्र के मदकोटा गांव में गुरुवार सुबह दलित युवक कन्हैयालाल बालेचा (जाति सूर्यवंशी) का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। कन्हैयालाल सुबह रनिंग के लिए घर से निकला था और देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने खोजबीन शुरू की, तो उसका शव गांव के ही एक खेत में पाया गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में अस्पताल परिसर में एकत्र हो गए। प्रदर्शनकारियों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान मृतक का पोस्टमार्टम मेडिकल टीम और भीम आर्मी व परिजनों की निगरानी में किया गया। पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड बुलाकर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की।
भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष अजय कुमार बागी और आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल ने आरोप लगाया कि प्रशासन मृतक के परिवार को न्याय दिलाने में सुस्त रवैया अपना रहा है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर मामले में ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो बड़े आंदोलन की शुरुआत की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने परिजनों और प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया है कि मामले की गहन जांच की जाएगी और दोषियों को सजा दिलाई जाएगी। आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया और मृतक का अंतिम संस्कार किया गया।
फिलहाल, इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। पुलिस जांच जारी है और परिजन न्याय की आस में हैं।
सौजन्य: खास खबर
नोट: यह समाचार मूल रूप से khaskhabar.com पर प्रकाशित हुआ है और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।








