दलित होने का पता चलते ही जमीन का सौदा तोड़ा, हंगामा
गांधीनगर निवासी रिटायर निगम कर्मी ने डहरिया में खरीदा था प्लाट-बयाना देने के बाद विक्रेता ने दलित होने की बात कहकर सौदा तोड़ा
हल्द्वानी, कार्यालय संवाददाता। दलित समाज के लोग मंगलवार को बड़ी संख्या में एकत्र होकर शहर कोतवाली में पहुंचे और कोतवाली का घेराव कर दिया। मामला जातिवाद से जुड़ा था। आरोप है कि सामान्य वर्ग के एक व्यक्ति ने गांधीनगर वार्ड 27 निवासी एक व्यक्ति से जमीन का सौदा सिर्फ इसलिए तोड़ दिया कि वह दलित वर्ग से है। पीड़ित ने यही जमीन दिलाने की मांग पुलिस के सामने रखते हुए पुलिस को तहरीर भी दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गांधीनगर निवासी सुरेश कुमार वाल्मीकि नगर निगम के सुपरवाइजर पद से सेवानिवृत्त हैं। रिटायरमेंट के बाद मिली रकम और कुछ बचत से उन्होंने डहरिया में एक हजार वर्ग फीट के एक प्लॉट का सौदा 30 लाख रुपये में किया था। प्लॉट मालिक को पांच दिन पहले 50 हजार रुपये बयाना भी दे दिया। सुरेश ने बताया कि पांच दिन पहले उनके एक परिचित ने उन्हें प्लाट पर देखा था। इसके बाद जब वह घर पहुंचे तभी प्लाट मालिक का उन्हें फोन पहुंचा और फोन पर ही उसने जमीन का यह सौदा तोड़ने की जानकारी दी। आरोप है कि जब वजह पूछी गई तो पता चला कि खरीददार के दलित वर्ग से होने की वजह से प्लाट मालिक यह सौदा तोड़ दिया। इसके बाद सुरेश और उनके अन्य साथी बड़ी संख्या में कोतवाली पहुंचे। यहां घेराव करते हुए अपनी बात रखी और आवश्यक कार्रवाई करने और उन्हें यह जमीन दिलाने की मांग रखी। कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि मामले में दूसरे पक्ष को बातचीत के लिए बुलाया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सौजन्य: हिन्दुस्तान
नोट: यह समाचार मूल रूप से livehindustan.com पर प्रकाशित हुआ है और इसका उपयोग केवल गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों के लिए किया गया है, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए








