Ayodhya News: मिल्कीपुर के पीड़ित दलित परिवार को मिलेगी आर्थिक मदद.
अयोध्या। मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र की दुष्कर्म पीड़ित दलित किशोरी के परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद दिलाने की तैयारी है। इसके लिए जिले के प्रभारी और प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही से वार्ता कर पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा और पूर्व विधायक रामू प्रियदर्शी ने प्रस्ताव रखा है। कृषि मंत्री रविवार को पीड़ित परिवार से मिलने भी जा सकते हैं। इसी कड़ी में भाजपा का सात सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल भी मिलने जाएगा।
उपचुनाव की सरगर्मी के बीच दलित किशोरी से दुष्कर्म की वारदात के बाद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ पुलिस और सरकारी अफसरों की गांव में आवाजाही बनी हुई है। शनिवार को दिन में पीड़िता गांव में मौजूद नहीं थी। पुलिस उसे अपने साथ मेडिकल परीक्षण और धारा 164 का बयान दर्ज कराने ले गई थी। परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद रहे। इस बीच भाजपा के मिल्कीपुर के दो पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा और रामू प्रियदर्शी परिवार से मिलने पहुंचे।
पूर्व विधायक गोरखनाथ ने बताया कि परिवार को आर्थिक मदद दिलाने के संबंध में प्रभारी मंत्री से वार्ता हुई है। उन्होंने आशवस्त किया है कि पीड़िता की हर संभव मदद की जाएगी। रविवार को प्रभारी मंत्री खुद परिवार से मिलने पहुंच भी सकते हैं। इसके अलावा भाजपा का एक प्रतिनिधि मंडल भी मुलाकात करेगा। इस दल में अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्त, बीकापुर विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश पांडेय, पूर्व महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्र व अन्य शामिल रहेंगे।
दुष्कर्म पीड़ित किशोरी का हुआ मेडिकल परीक्षण.
अमानीगंज। खंडासा थाना क्षेत्र की दुष्कर्म पीड़िता का शनिवार को जिला महिला चिकित्सालय में चिकित्सकों की देखरेख में मेडिकल परीक्षण हुआ। संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज में महिला चिकित्सक के नदारद रहने के चलते दो दिनों तक मेडिकल परीक्षण नहीं हो सका था। खंडासा थाना क्षेत्र के एक गांव में दलित किशोरी के साथ शहबान नामक युवक की ओर से दुष्कर्म किए जाने का केस दर्ज करने के बाद पुलिस दो दिनों तक मेडिकल परीक्षण के लिए किशोरी को संयुक्त चिकित्सालय ले गई। शुक्रवार को भी अस्पताल में महिला चिकित्सक की गैर मौजूदगी के चलते परीक्षण नहीं हो सका। इसके बाद पीड़ित किशोरी को जिला महिला चिकित्सालय भेजा गया। यहां उसका परीक्षण हुआ। शेष बची दो जांचें चिकित्सकों की देखरेख में शनिवार को कराई गईं। सीओ श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित किशोरी के मेडिकल परीक्षण की रिपोर्ट दो दिन बाद मिलने की संभावना है।
दूसरे आरोपी मानू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही छापेमारी.
दुष्कर्म के आरोप में वांछित फरार चल रहे दूसरे आरोपी मानू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रहीं हैं। खंडासा थानाध्यक्ष विवेक सिंह ने बताया कि उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जब पुलिस ने मुठभेड़ में मुख्य आरोपी शहबान को गिरफ्तार किया था, तब मानू फरार होने में सफल हो गया था।
आरोपियों के कब्जे की जमीनों व मकानों की पड़ताल रहेगी जारी.
दुष्कर्म के आरोपियों पर बुलडोजर कार्रवाई के लिए राजस्व विभाग की टीम लगातार उनके कब्जे की जमीनों और मकानों की पैमाइश कर रही है। मिल्कीपुर के तहसीलदार प्रदीप सिंह ने शुक्रवार को राजस्व कर्मियों के साथ पूरे दिन कई भूखंडों की पैमाइश की थी। शनिवार को तहसील समाधान दिवस होने के कारण पैमाइश का काम प्रभावित रहा। सोमवार को तहसील प्रशासन दुष्कर्म के आरोपियों के कब्जे की जमीन व मकानों की पैमाइश जारी रखेगा। ग्राम प्रधान सहित अन्य ग्रामीणों की शिकायत पर ग्राम पंचायत की बंजर खाते की जमीन गाटा संख्या 1539 व 1540 की भी राजस्व प्रशासन ने पड़ताल की है, जिस पर दर्जनों मकान बने हुए हैं। तहसीलदार ने बताया कि सोमवार को फिर से टीमें भूखंडों की पैमाइश करेंगी। सरकारी जमीनों पर किए गए अतिक्रमण पर लेखपाल की रिपोर्ट के आधार पर बेदखली का मुकदमा किया जाएगा।
सौजन्य: अमर उजाला
नोट: यह समाचार मूल रूप से amarujala.com पर प्रकाशित हुआ है और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।








