दुद्धी में पुजारी को हुआ दलित युवती से प्यार:परिवार के दबाव में युवक ने शादी से इनकार किया, थाने पहुंची युवती, तब हुई शादी
प्यार जब दिल से निकलकर दिलों में जगह बनाता है, तो जाति, धर्म और मान-प्रतिष्ठा की दीवारें ध्वस्त हो जाती हैं। ऐसा ही एक मामला विंधमगंज थाना क्षेत्र के हरनाकछार गांव से सामने आया है, जहां शिव मंदिर के पुजारी और एक दलित युवती के प्यार ने गांव में हलचल मचा दी।
बता दें कि पकरी गांव के अजय दुबे, जो पिछले कई वर्षों से हरनाकछार गांव स्थित शिव मंदिर के पुजारी हैं, उनको प्रियंका कुमारी से प्यार हो गया। प्रियंका, जो झारखंड के रामुना गांव की निवासी है। पिछले 4 वर्षों से हरनाकछार गांव आती-जाती रही है। इसी दौरान अजय और प्रियंका के बीच गहरी दोस्ती और प्यार की शुरुआत हुई।
दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें खाई और रिश्ते को विवाह के रूप में परिणत करने का निर्णय लिया। लेकिन जैसे ही उनके परिवारों को इस बारे में पता चला, मामला तूल पकड़ गया।
परिवार की असहमति और विवाद
अजय के परिवार ने अलग जाति की वजह से इस विवाह को स्वीकारने से इनकार कर दिया, जिससे विवाद बढ़ गया। पंचायत और थाने तक मामला पहुंच गया, लेकिन अजय और प्रियंका की शादी की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा गया।
प्रियंका ने विंधमगंज कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि अजय के परिवार की असहमति के कारण उनकी शादी में अड़चन आ रही है और अजय भी परिवार के दबाव में शादी से भाग रहा है।
युवती ने पुलिस से की थी शिकायत
विंधमगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद यादव ने बताया कि प्रियंका की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि दोनों बालिग हैं और विवाह की जानकारी के बाद पुलिस ने उचित कार्रवाई की है।
गांववालों की मौजूदगी में, कई दिनों की उथल-पुथल और पारिवारिक दबाव के बाद, अजय और प्रियंका ने मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर ली। इस समारोह ने गांव में एक बार फिर साबित कर दिया कि प्यार जाति और धर्म की सीमाओं से परे होता है।
सौजन्य :दैनिक भास्कर
नोट: यह समाचार मूल रूप से.bhaskar.com में प्रकाशित हुआ है|और इसका उपयोग पूरी तरह से गैर-लाभकारी/गैर-व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए विशेष रूप से मानव अधिकार के लिए किया गया|








