मध्य प्रदेश में इंसानियत शर्मसार! दलित को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा, पेशाब पीने पर किया मजबूर
पीड़ित का आरोप है कि उसे बाइक पर बैठा कर आरोपी कहीं और ले गए और वहां बंधक बनाकर रखा|जाति भेद के आधार पर उसे अपशब्द कहे गए और मारपीट के साथ पेशाब पीने के लिए मजबूर किया गया|
मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में एक दलित व्यक्ति को कथित तौर पर ऊंची जाति के दो लोगों ने न केवल बंधक बनाकर पीटा बल्कि उसे मूत्र पीने के लिए मजबूर भी किया उसकी आइब्रो छील दी | पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी|अधिकारी ने बताया कि घटना 30 जुलाई को गाडरवारा तहसील के अंतर्गत बरहा बड़ा गांव के पास हुई|
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, पुलिस ने जानकारी दी है कि पीड़ित ने सोमवार को नरसिंहपुर जिले के एससी/एसटी थाने में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई. तहरीर के अनुसार, सल्लू बुधौलिया और सूरज कचेरा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296 (सार्वजनिक स्थान पर अश्लील कृत्य), 115 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना), 351(2) (आपराधिक धमकी), 3(5) (संयुक्त आपराधिक दायित्व) और अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति (एससी/एसटी) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया|
पैसे लाने से मना करने पर दीं गालियां
पीड़ित (34) ने आरोप लगाया कि बुधौलिया और कचेरा उसे मोटरसाइकिल पर ले गए और एक जगह पर बंदी बनाकर रखा. तहरीर में पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने उसे प्रेमनारायण वर्मा नाम के व्यक्ति से दो लाख रुपये लाने को कहा और जब उसने ऐसा करने से इनकार कर दिया तो उन्होंने उसे बेरहमी से पीटा और जाति-भेद के आधार पर गालियां दीं|
पीड़ित का आरोप है कि कुछ देर बाद उन्होंने फिर से उसकी पिटाई की और कहा कि वह उनके लिए प्रेमनारायण से पैसे लेकर आए. पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे लगातार पीटते हुए पेशाब पीने के लिए मजबूर भी किया|
आरोपी पुलिस हिरासत में
अधिकारी ने बताया, “मामला सामने आने के बाद कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया है.” नरसिंहपुर के पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है|
सौजन्य:एबीपी
नोट: यह समाचार मूल रूप सेabplive.com पर प्रकाशित हुआ है और इसका उपयोग केवल गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।








