Shivpuri News: दलित युवती काे प्यार में फंसा कर दिया शादी का झांसा, अपहरण किया साल भर तक दुष्कर्म
नईदुनिया प्रतिनिधि शिवपुरी। बदरवास थानांतर्गत एक युवक द्वारा अपने दोस्तों के साथ मिलकर एक हरिजन युवती को प्यार के जाल में फंसाकर उसे शादी के बहाने अपहरण करने और साल भर तक उसके साथ दुष्कर्म करने के उपरांत उसे 12 लाख रुपये में उप्र के जलालपुर में बेचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने फिलहाल तीन लोगों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार शिवपुरी निवासी 28 वर्षीय पीड़िता करीब दस साल से मंगल मसाला फैक्ट्री गुना वायपास रोड पर अपनी मां के साथ काम करने जाती थी। वहां उसकी पहचान फैक्ट्री पर मसाला पैक करने का काम करने वाले एक युवक मनोज रजक निवासी गुरू कुदवाया थाना मायापुर से हो गई। दोनों के बीच बातचीत होने लगी तो एक दिन मनोज रजक ने उससे अपने प्यार का इजहार कर दिया और शादी करने की बात कही। युवती ने शादी का दबाब बनाया तो आरोपित ने 12 लाख रुपये में उप्र में बेच दी पीड़िताआरोपितों ने पीडि़ता से की मारपीट और दी थी जान से मारने की धमकी पुलिस ने फिलहाल तीन लोगों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है
झांसा देकर ले गया भोपाल
इसके बाद करीब एक साल पहले मनोज, पीड़िता को शादी का झांसा देकर उसका अपहरण कर उसे भोपाल ले गया। भोपाल में भी उसने पीड़िता से शादी नहीं की तो पीड़िता ने मनोज से कहा कि वह उससे शादी कर ले, इस पर मनोज रजक ने पीड़िता को बरगलाते हुए कहा कि जब उसके समाज का सम्मलेन होगा तो वह उससे शादी कर लेगा। इसके बाद मनोज ने पीड़िता को दो से तीन महीने तक भोपाल में ही अपने साथ रखा और इसके बाद वह उसे बदरवास ले आया।
बदरवास में कई बार किया दुष्कर्म, विरोध करने पर की मारपीट
मनोज ने पीड़िता को बदरवास में रवि गुर्जर के मकान में रखा तथा वहीं उसने कई बार पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद जब पीड़िता ने मनोज पर शादी के लिए दबाब बनाया तो मनोज रजक सहित रवि गुर्जर व बलवीर गुर्जर ने पीड़िता को 22 अप्रैल 2024 को रात 11 बजे कमरे में बंधक बनाकर जान से मारने की धमकी दी और कहा कि अब जैसा हम कहेंगे वैसा ही कर, नहीं तो तुझे जान से मार डालेंगे।
12 लाख में बेचा उत्तरप्रदेश के युवक को
तीनाें पीड़िता को डरा धमका कर बलवीर गुर्जर के गांव गणेशखेड़ा थाना म्याना जिला गुना ले गए। वहीं से तीनों ने पीड़िता को रवि गुर्जर की भतीजी बताकर 12 लाख रुपये में उत्तर प्रदेश के जलालपुर निवासी अमरेश गुर्जर को बेच दिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मनोज रजक, रवि गुर्जर व बलवीर गुर्जर के खिलाफ 376(2)(एन), 366,342,506,120 बी, 34 आईपीसी सहित हरिजन एक्ट की धाराओं में प्रकरण कायम कर लिया है। पीड़िता का कहना है कि उसने पुलिस को यह बात बताई थी कि जिस व्यक्ति अमरेश गुर्जर से उसकी शादी कराई गई थी उससे आरोपितों ने 12 लाख रुपये लिए हैं, परंतु पुलिस ने एफआईआर में इसका उल्लेख नहीं किया है।
20 हजार रुपये लेने आए तब हुआ खुलासा
पीड़िता ने नईदुनिया से बात करते हुए बताया कि अमरेश से उसकी शादी के दौरान पूरे सौदे में 20 हजार रुपये का लेनदेन रह गया था। शादी के बाद जब एक बुजुर्ग आदमी बचे हुए 20 हजार रुपये लेने अमरेश गुर्जर के घर पहुंचा तब उसे इस बात का पता चला कि मनोज रजक, रवि गुर्जर व बलवीर गुर्जर ने उसे 12 लाख रुपये में बेचा है। पीड़िता के अनुसार यह बात उसे अमरेश ने भी बताई थी कि तीनों ने उससे 12 लाख रुपये लिए हैं। पीड़िता के अनुसर उसने पहले तो डर के कारण अमरेश को अपनी सच्चाई नहीं बताई थी फिर अमरेश काम करने के लिए अहमदाबाद चला गया लेकिन जब वह लौट कर आया तो हिम्मत कर उसने अमरेश को बताया कि वह गुर्जर नहीं है और पूरी कहानी उसे बताई।
बैंड-बाजा और बारात के साथ रचाया था ब्याह
अमरेश गुर्जर शनिवार को पुलिस का फोन पहुंचने के बाद स्वयं पीड़िता को लेकर देहात थाना पहुंचा था। अमरेश का कहना था कि उसके साथ तो बड़ा धोखा हुआ है। आरोपितों ने अमरेश व उसके स्वजनों को बताया था कि लड़की के माता-पिता नहीं है। ऐसे में उन्होंने शादी के एवज में 12 लाख रुपये उससे लिए थे। आरोपितों ने बकायदा शादी-ब्याह की पूरी रस्में अदा कीं। वह भी बारात लेकर पीड़िता को ब्याहने के लिए आया था। उस समय भी पीड़िता ने उसे कुछ नहीं बताया। अमरेश के अनुसार उससे धोखाधड़ी कर पीड़िता की शादी उससे कराई गई है। उसके पास शादी के फोटो, वीडियो सब मौजूद हैं।
पीड़िता के बयानों की वीडियोग्राफी लाइन से आई एक सब इंस्पेक्टर ने की है। उसने बेचे जाने की बात उक्त बयानों में नहीं कही है, जबकि उससे पूछा भी गया था। अभी पीड़िता के बयान कोर्ट में होने हैं, वह वहां भी अपने बयान दर्ज करा सकती है। (रवि चौहान, टीआई, बदरवास)
सौजन्य :जनचौक
नोट: यह समाचार मूल रूप सेjanchowk.com में प्रकाशित हुआ है|और इसका उपयोग पूरी तरह से गैर-लाभकारी/गैर-व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए विशेष रूप से मानव अधिकार के लिए किया गया था








