कौशांबी में महिला-बच्चों के साथ मारपीट:दलित महिला को पोल से बांध कर पीटा, पीड़ित बोली- जिंदा जलाकर मारने की कोशिश की
कौशांबी के मंझनपुर थाना क्षेत्र में एक गांव की दलित महिला को दबंगों ने मारपीट कर बिजली के पोल से बांध कर जिंदा जलाने की कोशिश की है। शोर गुल सुन कर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। भीड़ को अपनी तरफ आता देख आरोपी फरार हो गए।
पीड़ित महिला के चेहरे, हाथ-पैर व शरीर के अन्य हिस्सों में लाठी डंडे के मार के जख्म लगे मिले हैं। पीड़ित ने थाना पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने महिला को अस्पताल इलाज के भेजा है।
मंझनपुर के हाजीपुर पतौना गांव में उर्मिला सोनकर पत्नी ज्ञानचंद सोनकर अपने बच्चों के साथ मकान बना कर रहती है। पति ज्ञानचंद सोनकर गुड़गांव की कपड़े मिल में प्राइवेट नौकरी करता है।
उर्मिला सोनकर अपने बच्चों सहित गांव मे रह कर उनकी परवरिश एवं शिक्षा दीक्षा कर रही है। शनिवार की शाम उर्मिला के बच्चे गांव के बच्चों के साथ क्रिकेट खेल रहे थे। जिसमें उर्मिला के पड़ोस के रहने वाले एक लड़के से उसके बच्चे का विवाद हो गया।
उर्मिला पर ज्वलनशील तेल डाल दिया
जिसमें गली गलौच के बाद मामला शांत हो गया। रात करीब 10 बजे उर्मिला अपने बच्चो को खाना पीना करा कर सोने जा रही थी। इसी बीच पड़ोसी युवक गांव के आधा दर्जन युवक के साथ उसके घर पर चढ़ कर आया। लाठी डंडे से लैस युवकों ने उसके बच्चो को घेर कर मारना पीटना शुरू कर दिया।
बच्चों को बचाने उर्मिला सोनकर निकली। बीच बचाव के दौरान आरोपी युवकों ने महिला को पकड़ कर उसकी डंडे से पिटाई कर उसे बिजली के पोल से बांध दिया। आरोप है कि हमलावर युवकों ने बिजली के पोल से बंधी उर्मिला पर ज्वलनशील तेल डाल दिया।
ग्रामीण नहीं आ जाते तो वह उसे मार डालते
इसी बीच मारपीट के दौरान चीख-पुकार व शोर सुनकर ग्रामीणों की भीड़ मौके की तरफ आती दिखाई पड़ी। भीड़ देख आरोपी युवक पीड़ित महिला को पोल में बंधा छोड़ कर फरार हो गए। पीड़ित ग्रामीणों की मदद से आजाद होकर महिला थाना पुलिस के पास पहुंची। पीड़ित उर्मिला के मुताबिक, आरोपी उसे व उसके बच्चो को जान से मारने पर आमादा थे। अगर ग्रामीण नहीं आ जाते तो वह उसे मार डालते।
जांच कर रिपोर्ट देने का आदेश दिया गया
थाना प्रभारी संतोष शर्मा ने बताया, पीड़ित महिला का प्रार्थना पत्र थाना पुलिस को मिला है। पीड़ित का डाक्टरी परीक्षण एवं इलाज के लिए मंझनपुर मेडिकल कालेज भेजा गया है। चौकी प्रभारी पतौना से जांच कर रिपोर्ट देने का आदेश दिया गया है। चौकी प्रभारी की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर सुसंगत धाराओं में आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
सौजन्य :दैनिक भास्कर
नोट: यह समाचार मूल रूप सेbhaskar.com में प्रकाशित हुआ है|और इसका उपयोग पूरी तरह से गैर-लाभकारी/गैर-व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए विशेष रूप से मानव अधिकार के लिए किया गया था|








