शिक्षक नेता पर दलित उत्पीड़न का केस
एकौना। सड़क पर बाइक स्टंट करने के दौरान हुए विवाद में युवक पर केस दर्ज होने के बाद उसकी मां की तहरीर पर पुलिस ने शनिवार को शिक्षक नेता पर मारपीट और दलित उत्पीड़न का केस दर्ज किया। महिला ने अब शिक्षक नेता पर बेटे की पिटाई का आरोप लगाया है। घटना बृहस्पतिवार की है। मामले में पहले शिक्षक नेता की तहरीर पर युवक पर अभियोग पंजीकृत हुआ। फिर दूसरे पक्ष की तहरीर पर शिक्षक नेता पर पुलिस ने कार्रवाई की।
शीतल माझा गांव की रहने वाली मीना देवी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनका बेटा अश्विनी एक लड़के के साथ रुद्रपुर से घर लौट रहा था कि रुद्रपुर-नरायनपुर मार्ग पर बाइक सवार से विवाद हो गया। बाइक सवार ने उसके बेटे की पिटाई करते हुए जान से मारने की धमकी दी। महिला ने बाइक सवार पर व्यक्ति पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने प्राथमिक विद्यालय रामकुटी पर तैनात पांडेय माझा राजधर निवासी शिक्षक नेता दिनेश सिंह पर दलित उत्पीड़न का केस दर्ज किया। पुलिस तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, आरोपी शिक्षक नेता दिनेश सिंह ने कहा कि पुलिस मामले को उलझा रही है। यदि जांच निष्पक्ष नहीं हुई तो आंदोलन होगा।
सौजन्य :अमर उजाला
नोट: यह समाचार मूल रूप से amarujala.com में प्रकाशित हुआ है|और इसका उपयोग पूरी तरह से गैर-लाभकारी/गैर-व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए विशेष रूप से मानव अधिकार के लिए किया गया था।








