BHU में दलित छात्र के साथ अश्लीलता-मारपीट…हॉस्टल में बनाया बंधक:पीड़ित ने लंका थाने में दी तहरीर, बोला-FIR नहीं हुआ तो छोड़ दूंगा BHU
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के हॉस्टल में दलित छात्र के साथ मारपीट, बंधक बनाने और अश्लीलता करने का मामला सामने आया है। छात्र ने बताया कि पहले उसके साथ अश्लीलता की गई। जब वो भागने लगा तो दौड़ाकर उसके साथ मारपीट भी की गई।
छात्र ने बताया कि उसके लोवर पैंट भी उतरवाए गए और उसके साथ अश्लील हरकत की गई। इसको लेकर छात्र ने लंका थाने में तहरीर भी दी है। पीड़ित छात्र ने कहा कि अगर FIR और कार्रवाई नहीं हुई तो वह BHU कैंपस छोड़ देगा।
पूरा मामला BHU के राजाराम हॉस्टल का है। जहां देर रात 3 बजे ये घटना हुई। इस मामले को लेकर बहुजन इकाई के छात्र भी मुखर हो गए हैं। इस मामले को सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे हैं
जानिए क्या है पूरा मामला
पीड़ित ने बताया कि वह BHU में सोशियोलॉजी से MA की पढ़ाई कर रहा है। पुलिस को दिए तहरीर में छात्र ने बताया कि रविवार देर रात करीब 02:45 बजे पर राजाराम हॉस्टल की एक लॉबी में अचानक बिजली गुल हो गई। जबकि हॉस्टल के बाकी लॉबी में बिजली थी।
मैं कमरे में पढ़ाई कर रहा था। लाइट कटने से अंधेरा हो गया। मैने बाहर जाकर देखा तो MCB गिरी थी। उसे ऊपर उठाने के लिए जैसे ही झुका, उतने में पीछे से MPMIR कोर्स के एक छात्र ने दबोच लिया। मेरा लोवर जबरन खोलने लगा।
जब मैंने इसका विरोध किया तो मेरा सिर दीवार में लड़ा दिया। मैं वहीं पर गिर गया। फिर मेरे साथ जबरन अप्राकृतिक योनाचार का प्रयास करने लगे। मैंने विरोध किया तो मेरे साथ मारपीट, गाली गलौच की। जान से मारने की धमकी दी गई है।
जबरदस्ती उतार रहे थे लोवर
छात्र ने आगे कहा, किसी तरह से वहां से छुड़ा कर भागा, तो मेरा पीछा करते हुए मेरे कमरे तक आ गया। मां बहन की गालियां देते हुए जबरन लोवर पैंट खोल खोल दी। विरोध करने पर थप्पड़ों और मुक्को से मारते हुए घायल कर दिया। साथ ही फोन भी छीन कर आधे घंटे तक कमरे में बंदी बनाए रखा।
मामला बढ़ने पर भाेर में पहुंचे वार्डेन और सुरक्षाकर्मी
छात्र ने कहा कि चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर दूसरे छात्रों ने इस घटना की जानकारी हॉस्टल के वार्डेन और प्रॉक्टोरियल बोर्ड को दी। तब जाकर प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम ने 4 बजे भोर में राजाराम हॉस्टल पहुंचकर मुझे मुक्त कराया।
भाेर में पहुंचे वार्डेन और प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने काफी ढाढ़स बंधाया। ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर मेडिकल और इलाज करवाया। अब आरोपी पर FIR होने और एक्शन का इंतजार कर रहा हूं।
जांच कर होगी कार्रवाई
लंका थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया में मारपीट का मामला लग रहा है। पुलिस ने हॉस्टल में जाकर पीड़ित और बाकी छात्रों से बातचीत की है। जांच पूरी होने के बाद यदि पीड़ित के आरोपों को सही पाया गया तो मामला पंजीकृत कर कार्रवाई की जाएगी
सौजन्य :दैनिक भास्कर
नोट: यह समाचार मूल रूप से bhaskar.comमें प्रकाशित हुआ है|और इसका उपयोग पूरी तरह से गैर-लाभकारी/गैर-व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए विशेष रूप से मानव अधिकार के लिए किया गया था।








