उन्नाव में दलित युवक को अगवा कर बंधक बनाकर पीटा
गंगाघाट कोतवाली के सर्वोदय नगर स्थित दुकान से लौट रहे दलित युवक को एक दर्जन से अधिक लोगों ने घेर लिया। उसे वहां से उठा ले गए और एक कमरे में बंद कर जमकर मारा पीटा। पुलिस ने पांच नामजद समेत पंद्रह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
गांधी नगर निवासी सुमित गौतम ने गंगाघाट कोतवाली में तहरीर दी कि मंगलवार दोपहर साढ़े बारह बजे मोबाइल की दुकान पर गया था। वहां वापस आते समय मिश्रा कॉलोनी निवासी सौरभ मिश्रा उर्फ कल्लू बटिस्टा, आश्चर्य अवस्थी, आर्यन, मनीष शुक्ला, चुनमुन व दस अन्य ने गालीगलौज करते हुए उसे मारा पीटा। काफी देर तक बचाने की गुहार लगाते रहे। इस पर उसे मिश्रा कॉलोनी उठा ले गए, जहां कमरे में बंदकर जमकर मारा पीटा। उसे चोटें आई हैं।
पुलिस ने सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार चुटहिल सुमित को मेडिकल के लिए भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक दूसरे पक्ष ने फायरिंग की बात सोशल मीडिया पर वायरल की है। उसकी जांच की पर फायरिंग जैसी घटना सामने नहीं आई। दूसरे पक्ष से आश्चर्य अवस्थी के भाई आशू अवस्थी ने हवाई फायरिंग करने में कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है।
सौजन्य : Live hindustan
नोट: यह समाचार मूल रूप से livehindustan.com में प्रकाशित हुआ है|और इसका उपयोग पूरी तरह से गैर-लाभकारी/गैर-व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए विशेष रूप से मानव अधिकार के लिए किया गया था।









