एसपी कार्यालय के समक्ष विरोध-प्रदर्शन, दलित किशोरी को बरामद करने की मांग
हनुमानगढ़। पल्लू पुलिस थाना में दर्ज नाबालिग लडक़ी को बहला-फुसला कर भगा ले जाने के मामले में कार्यवाही न होने से नाराज परिजनों ने सोमवार को भारत की जनवादी नौजवान सभा के बैनर तले पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समक्ष विरोध-प्रदर्शन किया। इसके बाद लडक़ी को बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।
परिवार को किया जा रहा बेवजह परेशान
पल्लू थाना क्षेत्र के एक युवक ने बताया कि उसने 16 जनवरी को पल्लू पुलिस थाना में मुकेश कुमार पुत्र भंवर लाल, गोविन्द पुत्र कृष्ण निवासी कल्लासर, राजू, विशाल निवासी रावतसर, अशोक मेघवाल तथा राकेश मेघवाल निवासी न्योलखी, मुकेश की मां शारदा, बहन एकता व पिता भंवर लाल के खिलाफ उसकी 15 वर्षीय नाबालिग बहन को बहला-फुसलाकर घर से भगाकर ले जाने के आरोप में मुकदमा दर्ज करवाया था। इस घटना को करीब 7 दिन बीत चुके हैं लेकिन अभी तक पुलिस की ओर से न तो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और न ही उसकी बहन को बरामद किया गया है। उसे डर है कि आरोपी उसकी नाबालिग बहन के साथ कोई अप्रिय घटना कारित कर सकते हैं।
युवक ने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई कि जांच अधिकारी को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर उसकी बहन को बरामद करने के संबंध में निर्देश दिए जाएं। माकपा जिला सचिव रघुवीर वर्मा ने आरोप लगाया कि मुकदमा दर्ज करवाने वाला दलित परिवार है। पुलिस की ओर से उक्त परिवार को बेवजह परेशान किया जा रहा है। जब भी परिवादी पक्ष के लोग थाना जाते हैं तो जांच अधिकारी की ओर से कहा जाता है कि वे अपनी गाड़ी लेकर आएं। क्योंकि पुलिस की गाड़ी को देखकर आरोप भाग जाते हैं। इस तरह के तर्क देकर पुलिस जांच आगे नहीं बढ़ा रही। वर्मा ने कहा कि एसपी ने जल्द कार्यवाही का भरोसा दिलाया है।
सौजन्य: सच कहूँ न्यूज
नोट: यह समाचार मूल रूप से sachkahoon.com में प्रकाशित हुआ है |और इसका उपयोग पूरी तरह से गैर-लाभकारी/गैर-व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए विशेष रूप से मानव अधिकार के लिए किया गया था।









