दंपती की जगह पढ़ा रहे 3 फर्जी टीचर गिरफ्तार:हेड मास्टर और उसकी शिक्षक पत्नी 15 हजार रुपए महीना देती थी, सैलरी डेढ़ लाख से ज्यादा
हेड मास्टर और उसकी टीचर पत्नी की जगह स्कूल में पढ़ा रहे 3 फर्जी शिक्षकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कई सालों से चल रहे इस खेल का पर्दाफाश गुरुवार को उस समय हुआ जब पुलिस और शिक्षा विभाग टीम ने स्कूल पर छापामारी की। आरोपी टीचर दंपती सरकार से हर महीने डेढ़ लाख रुपए से अधिक वेतन उठाते थे और इनको 15 हजार रुपए महीना देते थे। मामला बारां सदर थाना क्षेत्र के राजपुरा स्थित गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल का है।
बारां के राजपुरा में स्थित गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल। यहां टीचर दंपती ने 3 फर्जी शिक्षक रख रखे थे।
सदर थाना सीआई रामविलास मीना ने बताया कि स्कूल में हेड मास्टर विष्णु गर्ग और उसकी पत्नी मंजू गर्ग टीचर के पद पर तैनात थी। स्कूल में छापा मारा तो टीचर दंपती की जगह विष्णु भारद्वाज, खुशबू, सुगना स्टूडेंट को पढ़ाती हुई मिली। पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया है।
आरोपी दंपती 20 साल से इसी स्कूल में पोस्टेड
सीआई ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि टीचर दंपती 20 साल से इसी जगह तैनात है। बताया जा रहा है की बीते कई सालों से ये दोनों स्कूल नहीं आते थे। विष्णु को 7 हजार और दोनों महिला टीचर को 4-4 हजार रुपए महीने देते थे।
पुलिस और शिक्षा विभाग की टीम स्कूल पहुंची तो बाहर ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
डेढ़ लाख वेतन उठाते थे, 15 हजार में रखे 3 टीचर
आरोपी टीचर दंपती हर महीने सरकार से करीब डेढ़ लाख रुपए से अधिक वेतन उठा थे। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने हेड मास्टर और उसकी शिक्षक पत्नी को कॉल कर मौके पर बुलाया, लेकिन वे दोनों स्कूल नहीं पहुंचे। ऐसे में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, आरोपी टीचर दंपती की तलाश की जा रही है।
एसपी से शिकायत करने पर खुला मामला
स्कूल में आरोपी पति-पत्नी के अलावा एक महिला टीचर और कार्यरत थी। स्कूल में 60 से अधिक बच्चे हैं। किसी व्यक्ति ने बारां एसपी राजकुमार चौधरी को लेटर लिखकर इसकी शिकायत की। एसपी के निर्देश पर जांच की गई तो पूरा मामला सामने आ गया। इसके बाद डीएसपी पूजा नगर और शिक्षा विभाग की टीम स्कूल पहुंची।
सौजन्य : दैनिक भास्कर
नोट : समाचार मूलरूप से bhaskar.com मे प्रकाशित हुआ है मानवाधिकारों के प्रति सवेदन शीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित|









