दबंगों ने रोकी दलित की बारात, बीच सड़क पर जमकर हंगामा, ग्राम प्रधान सहित 4 पर FIR दर्ज
यूपी के बुलन्दशहर जनपद के सलेमपुर थाना क्षेत्र के गांव पारौली में दलित की बेटी की बारात आई थी, आरोप है ग्राम प्रधान के घर के आगे से जब बैंड बाजे के साथ बारात निकल रही थी तो दबंग ग्राम प्रधान और उसके साथियों ने बीच सड़क पर कार खड़ी कर दी और घर के आगे से बारात निकालने पर तमंचे दिखाकर दुल्हन के भाई को जान से मारने की धमकी दी साथ ही जाति सूचक शब्दो का भी प्रयोग किया। एसपी देहात बजरंग बली चौरसिया ने बताया कि ग्राम प्रधान व 3 अज्ञातों के खिलाफ सलेमपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले का वीडियो भी वायरल हो रहा है।
बीच रोड पर खड़ी कर दी कार, वीडियो वायरल
जनपद बुलन्दशहर के थाना सलेमपुर के गांव पारौली में शिवकुमार की चचेरी बहन की बारात आई थी, रात को दूल्हा बग्गी पर सवार था, बाराती बैंड बाजे के साथ डीजे की धुन पर चढ़त निकाल रहे थे। आरोप है कि जब चढ़त ग्राम प्रधान योगेन्द्र शर्मा के घर के पास पहुंची तो प्रधान ने घर के आगे से चढ़त को निकलने से रोका, चढ़त रोकने को ग्राम प्रधान ने अपने साथियों और समर्थको के साथ मिलकर रास्ते में कार खड़ी कर दी, जिसका बारातियों और दुल्हन के परिजनों ने विरोध किया तो दोनो पक्षों में जमकर विवाद हो गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हों रहा है।
आरोप है कि ग्राम प्रधान और उसके साथियों ने घर के आगे से चढ़त निकलने पर पिस्टल दिखाकर दुल्हन के भाई को जान से मारने की धमकी दी गई। बुलंदशहर के एसपी देहात बजरंग बली चौरसिया ने बताया कि दुल्हन के भाई शिवकुमार पुत्र सूरजपाल ने ग्राम प्रधान योगेन्द्र शर्मा व 3 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 504, 506 आईपीसी और एससी एसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। सलेमपुर थाना प्रभारी निरीक्षक को मामले में विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
सौजन्य- द वायर
नोट : समाचार मूलरूप से में thewirehindi.com प्रकाशित हुआ है| मानवाधिकारों के प्रति सवेदन शीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित|









