Chhatarpur News: चश्मा तोड़ा, टोपी फेंकी…टैक्सी में शव रखकर कलेक्ट्रेट ले जा रहे थे दलित, पुलिस ने रोका तो हो गया हंगामा
Chhatarpur News: मध्य प्रदेश के छतरपुर में कलेक्ट्रेट पहुंचे दलित ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। गांव वाले शव लेकर पहुंचे थे। ग्रामीणों का आरोप था कि मृतक की हत्या ट्रैक्टर से कुचलकर की गई है। पुलिस इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। इस वजह से शव ले जाकर कलेक्टर ऑफिस में ज्ञापन देना चाहते हैं।
छतरपुर: जिले के लुसागी चौकी क्षेत्र के मडरका गांव में रहने वाले पूजाराम अहिरवार को एक ट्रैक्टर ने कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, लेकिन पुलिस ने मामले में अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की है। मृतक के परिजन और ग्रामीणों का आरोप है कि वह लुगासी चौकी और नौगांव थाने के चक्कर लगाते रहे, लेकिन पुलिस ने मामले में एफआईआर तक दर्ज नहीं की। पुलिस ग्रामीणों को यहां-वहां भटकाती रही। इससे परेशान होकर परिजन और गांव के लोग मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद टैक्सी में रखकर कलेक्ट्रेट ले आए।
घटना में एक पुलिस कर्मी का चश्मा टूट गया। वर्दी वाली टोपी भी फेंक दी गई तो एक अन्य पुलिस कर्मी के साथ झूमा-झपटी भी हुई। वहीं मामले में छतरपुर एएसपी विक्रम सिंह परिहार का कहना है कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। परिजन आवेदन देने आए थे। गुस्से में थे तो उन्हें समझा दिया गया है। फिलहाल मामला शांत है।
सौजन्य- नवभारत टाइम्स
नोट : समाचार मूलरूप से में navbharattimes.indiatimes.com प्रकाशित हुआ है| मानवाधिकारों के प्रति सवेदन शीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित|









