हड़ताल पर बैठे ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को दलित अधिकार मंच हरियाणा ने समर्थन दिया
मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को दलित अधिकार मंच हरियाणा एवं अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन ने समर्थन दिया। दलित अधिकार मंच हरियाणा के सहसंयोजक सोहन दास व जिला संयोजक संदीप जाजवान के नेतृत्व में नायब तहसीलदार को ग्रामीण सफाई कर्मचारियों के समर्थन में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। सोहनदास ने कहा कि प्रदेश सरकार से अपनी हठधर्मिता छोड़कर ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का तुरंत समाधान करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के 11 हजार ग्रामीण सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर 10 अक्टूबर से हड़ताल पर हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सफाई कर्मचारी गांवों में सफाई व्यवस्था सुचारू रखने का महत्वपूर्ण काम करते हैं, परंतु राज्य सरकार उन्हें काम के मुताबिक वेतन नहीं दे रही और न ही किसी तरह की सामाजिक सुरक्षा दी जा रही है। लगातार बढ़ती महंगाई में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को सरकार द्वारा दिए जा रहे वेतन में परिवार का गुजारा चलाना मुश्किल हो रहा है।
ग्रामीण सफाई कर्मचारी मांग कर रहे हैं कि उन्हें पक्का कर्मचारी बनाया जाए व समान काम समान वेतन लागू किया जाए। गांवों में दो हजार की आबादी पर तैनात एक सफाई कर्मचारी पर काम का बोझ ज्यादा है। इसलिए 400 की आबादी पर एक कर्मचारी तैनात किया जाए। इन संगठनों ने मांग की है कि सरकार स्वच्छ भारत अभियान के नारे को साकार करते हुए इन कर्मचारियों की मांगों का तुरंत समाधान करे। इस अवसर पर रणबीर, गुलाब, संदीप दालमवाला, महेंद्र व नरसी भी उपस्थित रहे।
सौजन्य :मनी भास्कर
दिनाक :26 अक्टूबर20 23
नोट : समाचार मूलरूप से money.bhaskar.com में प्रकशित हुआ है मानवाधिकारों के प्रति सवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित !









