कानपुर में तांत्रिक ने घर में घुसकर की छेड़छाड़ : विरोध करने पर पीटा, शादी करने का बना रहा था दबाव, बर्बाद करने की दी धमकी
कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में तांत्रिक का युवती से छेड़छाड़ व शादी का दबाव बनाने का मामला प्रकाश में आया है। तांत्रिक ने तंत्र मंत्र के सहारे घर में घुस कर युवती के साथ छेड़छाड़ किया। विरोध करने पर युवती के साथ मारपीट की और जबरन शादी करने का दबाव बनाया। जिसके बाद पीड़िता ने परिजनों के साथ महाराजपुर थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। पीड़िता की तहरीर पर छेडछाड़, मारपीट व दलित उत्पीड़न का रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।
महाराजपुर क्षेत्र के हन्निहां गांव निवासी विकास यादव कथित तौर पर तांत्रिक है। वह गांव की युवती को तंत्र मंत्र के सहारे अपने जाल में फंसाने का प्रयास कर रहा था, लेकिन कामयाब नहीं हो पाया, तो शाम को युवती के घर में घुस गया। उस समय युवती अकेले थी। तांत्रिक ने युवती के साथ छेड़छड़ करने लगा। युवती ने विरोध किया तो तांत्रिक विकास ने युवती के साथ मारपीट कर शादी करने का जबरन दबाव बनाने लगा।
बात न मानने पर पूरे परिवार को बर्बाद करने की धमकी भी दी और भाग गया। युवती के परिजन जब घर आए तो पीड़िता ने घटना बताई। जिसके बाद पीड़िता के परिजन तांत्रिक की शिकायत उसके पिता रजोल से करने गए तो उसके पिता ने पीड़िता के परिजनों के साथ गाली-गलौज कर भगा दिया। पीड़िता ने महाराजपुर थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत पत्र देते हुए न्याय की गुहार लगाई।
एसओ महाराजपुर अभिषेक शुक्ला का कहना है कि पीड़िता की तहरीर पर छेड़छाड़ मारपीट व दलित उत्पीड़न की रिपोर्ट तांत्रिक सहित चार लोगों के खिलाफ दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सौजन्य : Dainik bhaskar
नोट : समाचार मूलरूप से bhaskar.com में प्रकाशित हुआ है ! मानवाधिकारों के प्रति सवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित!









