बकरी चोरी के शक में दलित युवक और उसके दोस्त को उल्टा लटकाकर पीटा, नीचे जला दी आग
मंचेरियल. तेलंगाना के मंचेरियल जिले में एक अमानवीय घटना सामने आई है. यहां बकरी चोरी के आरोप में एक दलित युवक और उसके दोस्त को कुछ लोगों ने उल्टा लटका दिया और उनके साथ जमकर मारपीट की. जहां उसे उल्टा लटकाया गया उसके नीचे फर्श पर आग लगाकर उसे धुंआ देकर भी प्रताड़ित किया गया. चौंकाने वाली घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और पुलिस ने हत्या के प्रयास और अनुसूचित जाति समुदाय के खिलाफ अत्याचार करने के आरोप में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
यह घटना एक सितंबर को हुई थी जब पीड़ितों को कथित तौर पर उनके नीचे जलाई गई आग के साथ उल्टा लटका दिया गया था, जबकि दोनों को बेरहमी से पीटा गया था. बाद में उन्हें दलित व्यक्ति के रिश्तेदारों द्वारा बचाया गया और उनकी चोटों का इलाज कराया गया. इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला सामने आ गया.
उल्टा लटकाकर फर्श पर जलाई आग, चाची ने की शिकायत
एक व्यक्ति और उसके परिवार के सदस्यों ने उनके साथ काम करने वाले एक अन्य व्यक्ति के साथ कथित तौर पर दलित व्यक्ति को पशुशाला में उल्टा लटका दिया. उसे डंडे से पीटा गया और फर्श पर आग भी जला दी. पुलिस ने बताया कि उसके दोस्त को भी इसी तरह से बांधा गया था. दलित व्यक्ति की चाची ने शनिवार को पुलिस से संपर्क किया और कहा कि चार लोगों ने उसके परिजनों को प्रताड़ित किया, जिसके बाद शिकायत दर्ज की गई.
पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के अलावा आईपीसी की धारा 342 (गलत तरीके से बंधक बनाना) और 307 (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आज बताया कि जांच के दौरान व्यक्ति, उसकी पत्नी और उसके बेटे सहित चार लोगों को एक अन्य व्यक्ति के साथ गिरफ्तार किया गया.
घटना के बाद हो रही कड़ी आलोचना
पुलिस ने बताया कि कुछ दिन पहले आरोपी ने अपनी एक बकरी को गायब पाया और पिछले हफ्ते लोहे का पाइप चोरी हो गया. दलित व्यक्ति के चोरी में शामिल होने के संदेह में, आरोपी उसे अपने दोस्त के साथ शेड में ले आए और कथित तौर पर उन्हें उल्टा बांध दिया. इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. बीआर अंबेडकर के पोते और वंचित बहुजन अघाड़ी के प्रमुख प्रकाश अंबेडकर ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट साझा की और इस घटना को बर्बरतापूर्ण कहा बताया. उन्होंने तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव के शासन पर भी सवाल उठाए.
सौजन्य : News18
नोट : समाचार मूलरूप से में news18.com प्रकाशित हुआ है ! मानवाधिकारों के प्रति सवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित !









