स्कूल में दो सगे दलित भाइयों के साथ मारपीट, जान से मारने की दी धमकी
धौलपुर. जिले में कंचनपुर थाना क्षेत्र के एक सरकारी विद्यालय में पढ़ने वाले दो दलित भाइयों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. घटना को लेकर विद्यालय के संस्था प्रधान और पीड़ित छात्रों के पिता ने कंचनपुर थाने पर शिकायत दी है. पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर किया है. मामले की जांच धौलपुर ग्रामीण सैंपऊ सर्किल सीओ बाबूलाल मीणा को सौंपी है.
सहायक उपनिरीक्षक गजन सिंह ने बताया कि कंचनपुर थाने पर पीड़ित छात्रों के पिता ने रिपोर्ट दी है. रिपोर्ट में बताया कि थाना क्षेत्र के एक सरकारी विद्यालय में उनके दो बेटे पढ़ते हैं. बड़ा पुत्र कक्षा 11वीं का नियमित छात्र है और छोटा पुत्र कक्षा 10वीं में है. दोनों 16 अगस्त 2023 को अपनी कक्षाओं में पढ़ रहे थे. इस दौरान बड़े बेटे का 2 छात्रों से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया. इसके बाद दोनों के बीच हाथापाई और मारपीट शुरू हो गई.
पिता को भी धमकाया : बीच-बचाव करने आए स्कूल स्टाफ को भी धमकी दी, जिस पर वो लोग वहां से चले गए. बड़े बेटे ने किसी व्यक्ति के फोन से पिता को कॉल कर घटना की जानकारी दी, जिसपर वो तत्काल विद्यालय की तरफ आने लगे. रास्ते में वही लोग उन्हें मिल गए. जब उन्होंने मारपीट की वजह पूछी तो आरोपियों ने कट्टा दिखाकर उनके साथ भी जाति सूचक शब्दों का प्रयोग कर गाली गलौच की. साथ ही उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
सौजन्य : Etv bharat
नोट : समाचार मूलरूप से etvbharat.com में प्रकाशित हुआ है ! मानवाधिकारों के प्रति सवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित !









