मायावती बिगाड़ेगी कांग्रेस-बीजेपी का समीकरण? 25 सीटों पर बीएसपी कर सकती है बड़ा खेल!
बहुजन समाज पार्टी राजस्थान विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और बीजेपी का खेल बिगाड़ने की तैयारी कर चुकी है. पार्टी की संकल्प यात्रा पूरे प्रदेश में निकाली जा रही है. इसी के साथ पार्टी का फोकस 25 सीटों पर है. जिसे जीतने के लिए संकल्प भी लिया है.
दरअसल, बीएसपी की सर्व जन हिताय सर्वजन सुखाय संकल्प यात्रा धौलपुर से शुरू होकर करौली पहुंची. संकल्प यात्रा के पहुंचने पर करौली के पुरानी कलेक्ट्रेट चौराहे स्थित जैन नसिया में एक सभा का आयोजन किया गया. जनसभा में पार्टी पदाधिकारियों से सभी समाजों को जोड़ने और विधानसभा चुनावों में प्रदेश में 25 से अधिक सीट जीतने का संकल्प लिया. जनसभा को नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद, राज्य सभा सांसद रामजी गौतम, प्रदेश अध्यक्ष भगवान सिंह बाबा, पूर्व राज्य सभा सदस्य अशोक, करौली विधान सभा प्रत्याशी रविंद्र मीणा ने संबोधित किया.
उन्होंने कहा कि देश में सबसे अधिक महिला अत्याचार और बलात्कार की घटनाएं प्रदेश में दर्ज हुई है. प्रदेश में आए दिन हत्या हो रही है और कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है. प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है. राज्य सरकार ने विधायकों को छूट देकर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है.
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आकाश आनंद ने कहा कि देश में महंगाई चरम पर है. गैस सिलेंडर हजार रुपए से ऊपर पहुंच गया, तो पेट्रोल डीजल के दाम भी आसमान छू रहे हैं. सब्जी सहित रोजमर्रा की वस्तुएं महंगी हो रही है. लेकिन केंद्र सरकार गरीब और दलित के उद्धार के लिए काम नहीं कर रही.
सौजन्य : Rajasthantak
नोट : समाचार मूलरूप से rajasthantak.com में प्रकाशित हुआ है ! मानवाधिकारों के प्रति सवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित !









