अमरोहा में दलित ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन:ग्राम प्रधान पर काम न कराने का लगाया आरोप, छह महीने से जलभराव की समस्या से जूझ रहे
अमरोहा जनपद के विकास खंड गंगेश्वरी के एक गांव में दलित ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर दलित बस्ती में कार्य नहीं करने का आरोप लगाया। अलग-अलग दो मार्गों पर हो रहे जलभराव के चलते विरोध प्रदर्शन कर मार्गों पर हुए जलभराव से निजात दिलाने की मांग की है। वहीं ग्राम पंचायत सदस्य ने प्रधान पर विकास नहीं करने का आरोप लगाते हुए इस्तीफा देने की चेतावनी दी है।
बता दें कि रविवार को क्षेत्र के गांव रुखालू निवासी दलित समाज के लोग भारी संख्या में रुखालू से हथिया खेड़ा जाने वाले मार्ग पर एकत्रित हुए। ग्राम प्रधान पर विकास नहीं कराने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव से हथियाखेड़ा तथा कब्रिस्तान को जाने वाले मार्ग पर पिछले पांच से छह माह से जलभराव की समस्या बनी हुई है।
कई बार ग्राम प्रधान से शिकायत की जा चुकी है। लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं कराया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि मार्ग पर आगे से पानी को बंद कर दिया गया है। जिससे हर समय जलभराव की समस्या बनी रहती है। ग्राम पंचायत सदस्य जोगिंदर का आरोप है कि ग्राम प्रधान से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन ग्राम प्रधान सुनने को तैयार नहीं है।
मेरे समाज के दलित लोग कार्य ना होने के चलते मुझसे शिकायतें करते हैं। इसीलिए अगर कार्य नहीं किया गया तो मैं अपने पद से डीपीआरओ को जाकर इस्तीफा दे दूंगा। जिसकी सुनवाई नहीं हो रही उसका कोई कार्य नहीं है। पूर्व प्रधान राम प्रकाश, जोगिंदर, जगदीश, राज, पप्पू, गुड्डू, अमरपाल, लाला, संदीप, मनु, बलराम, देवेंद्र, लल्लू समेत भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
सौजन्य : Dainik bhaskar
नोट : समाचार मूलरूप से bhaskar.com में प्रकाशित हुआ है ! मानवाधिकारों के प्रति सवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित !









