दबंगों की बर्बरता के शिकार दलित युवक के घाव में पड़ गए कीड़े
जबलपुर। दबंगों की बर्बरता के शिकार हुए दलित युवक के घाव में कीड़े पड़ गए हैं। दरअसल, शारदा चौक निवासी दलित युवक आदित्य को रसूखदारों ने एक हफ्ते तक बंधक बनाए रखा। इस दौरान उसकी बुरी तरह से पिटाई की। घायल अवस्था मे आरोपित उसे भरी बरसात में सड़क पर फेंककर चले गए। पीड़ति गढ़ा थाने पहुंचा, तो पुलिस ने एफआइआर दर्ज करने के बदले उसे थाने से भगा दिया। जब पुलिस ने नहीं सुनी, तो पीड़ित की अधिवक्ता बहन ने बहन ने हाई कोर्ट बार एसोसिएशन की मदद ली और मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक तुषारकांत विद्यार्थी से की। बेरहमी से पिटाई के चलते आदित्य के घावों में संक्रमण हो गया और कीड़े पड़ गए हैं।
संपत्ति हड़पने की फिराक में कुछ लोग उसे घर से उठाकर ले गए
आदित्य के अनुसार वह शारदा चौक में रहता है। उसकी संपत्ति हड़पने की फिराक में कुछ लोग उसे घर से उठाकर ले गए। उसे लगभग एक सप्ताह तक कमरे में बांधकर बुरी तरह से बेसबाल के डंडों, लोहे की राड, लात व जूतों से मारा। इस बीच वह कई बार बेहोश हुआ। उसका मोबाइल व पर्स छीन लिया गया। हफ्ते भर बाद वह किसी तरह से वहां से बचकर निकला। लेकिन चोट के चलते ज्यादा दूर नहीं जा सका। पता चलते ही आरोपितों ने फिर उसे पकड़ कर मेडिकल रोड पर छोड़ दिया। घटना के बाद आदित्य गढ़ा थाने पहुंचा, लेकिन पुलिस ने भी उसकी फरियाद नहीं सुनी और न ही आरोपितों पर कार्रवाई की। वहां से वह अपनी वकील बहन ज्योति नौरिया को सूचना देने हाई कोर्ट गया। लेकिन बहन नहीं मिली तो किसी तरह घिसटते हुए राइट टाउन तक पहुंच गया। हिम्मत जवाब देने पर वह वहीं लेट गया।
देखने वालों ने पहुंचाया अस्पताल
देखने वालों ने 108 एम्बुलेंस बुलाकर उसे 24 जुलाई को जिला अस्पताल पहुंचाया। तब से उसका इलाज चल रहा है। उसने बताया कि उसके घावों में कीड़े पड़ गए हैं। डॉ कहते हैं कि संक्रमण घातक हो गया है। उसकी जान को खतरा है। उसे जिला अस्पताल के टीबी वार्ड में भर्ती किया गया है। आदित्य की बहन अधिवक्ता ज्योति नौरिया ने बताया कि मामले की शिकायत बार एसोसिएशन के माध्यम से एसपी से की गई है।
सौजन्य : Nai dunia
नोट : समाचार मूलरूप से naidunia.com में प्रकाशित हुआ है ! मानवाधिकारों के प्रति सवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित !









