बाबा साहेब ने दलितों और पिछड़ों के लिए जीवन कर दिया समर्पित: चक्रपाणि
भागलपुर। बाल श्रमिक आयोग के अध्यक्ष डॉ. चक्रपाणि हिमांशु ने कहा कि भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने दलितों एवं पिछड़े समाज के प्रति अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। लेकिन आज केंद्र में बैठी मोदी सरकार संविधान से छेड़छाड़ कर देश को फिर से मनुस्मृति के दौर में लाना चाहती है। इनके इस कृत्य का जनता समय आने पर माकूल जवाब देगी।
डॉ. हिमांशु, रविवार को राजद द्वारा मोजाहिदपुर स्थित एक विवाह भवन में महानगर स्तरीय आंबेडकर परिचर्चा को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। बतौर विशिष्ट अतिथि नाथनगर के विधायक अली अशरफ सिद्दीकी ने कहा कि बाबा साहेब ने समान शिक्षा व समान अधिकार दिया। लेकिन मोदी सरकार संविधान के साथ छेड़छाड़ कर आरक्षण को ही खत्म करना चाहती है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राजद जिलाध्यक्ष डॉ. चंद्रशेखर प्रसाद यादव ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी बढ़ रही है तो देश की अर्थव्यवस्था गिर रही है।
मोदी सरकार संविधान के साथ छेड़छाड़ कर कमजोर, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक समाज के हक को मारने पर उतारू है। कार्यक्रम को राजद के महानगर अध्यक्ष मो. शहाबुद्दीन व युवा राजद के प्रदेश महासचिव डॉ. आनंद आजाद ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन मो. उस्मान ने किया। इस मौके पर नगर निगम के उप महापौर प्रो. सलाउद्दीन अहसन, राज्य परिषद सदस्य केदारनाथ यादव, प्रदेश सचिव डॉ. तिरुपतिनाथ यादव, उपाध्यक्ष अमर यादव, प्रदीप लाल यादव, अर्जुन शर्मा, युवा प्रदेश महासचिव मो. मेराज उर्फ चांद, जिला मीडिया प्रभारी मंजीत ठाकुर आदि की मौजूदगी रही।
सौजन्य : Live hindustan
नोट : समाचार मूलरूप से livehindustan.com में प्रकाशित हुआ है ! मानवाधिकारों के प्रति सवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित !









