दबंग परिवार ने झगड़ा करके दलित दूल्हे की रोकी बारात, घोड़ी से उतारा
थाना इलाके के गांव दहगांव में एक दबंग परिवार ने झगड़ा करते हुए दलित दूल्हे की बारात की निकासी रोक दी। वधू पक्ष ने दूल्हे को घोड़ी से उतारने का भी आरोप लगाया है। घटना से बारात में भगदड़ मच गई। ग्रामीणों ने समझाइश कर बाद में बारात की निकासी पूरी कराई। सूचना पर रात को पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया। गुरुवार दोपहर को एसएचओ हरिनारायण मीना और झील पुलिस चौकी इंचार्ज खुशीराम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
कानून व शांति व्यवस्था की दृष्टि से फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। आरोपी पक्ष घर से फरार हो गया है। जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। प्रारंभिक जांच पड़ताल में पुलिस को जानकारी मिली है कि वधू पक्ष और आरोपी पक्ष के बीच पहले से पुरानी रंजिश भी चल रही है।
आरोपी की तलाश कर रहे
एसएचओ हरिनारायण मीना ने बताया कि घटनास्थल का जायजा लिया है। प्रारंभिक जांच में आरोपी पक्ष द्वारा झगड़ा करते हुए बारात की निकासी रोकने की बात सामने आई है। लेकिन लोगों ने समझाइश कर बाद में निकासी पूरी कराई। पुलिस पहुंची तब तक आरोपी फरार हो गए। जिनकी तलाश की जा रही है।
वधू पक्ष के लोग बारात विदाई के बाद थाने पहुंचे
बारात की विदाई के बाद गुरुवार दोपहर वधु पक्ष के दर्जनों लोग थाने पहुंचे। दुल्हन के भाई सत्यप्रकाश जाटव ने गांव के शिवसिंह ठाकुर और उसके बेटों के खिलाफ दलित दूल्हे की बारात रोकने और दूल्हे को घोड़ी से उतारने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
लोगों ने समझाइश कर निकासी कराई
थाने पहुंचे दहगांव निवासी सत्यप्रकाश जाटव ने बताया कि बुधवार को उसकी बहन नेहा की शादी थी। जिसकी बारात हरियाणा के होड़ल थाना इलाके के गांव सौंध से आई थी। रात 11.30 बजे बारात निकल रही थी। जैसे ही बारात शिवसिंह ठाकुर के घर के पास पहुंची, तो शिवसिंह और उसके बेटे राजेश व विशाल लाठी-डंडे लेकर घर से निकले।
आते ही जातिसूचक शब्दों से गाली गलौज करते हुए कहा कि ठाकुरों के घर के सामने से घोड़ी पर बैठाकर बैंड बाजों के साथ दलित दूल्हे की बारात निकालने की हिम्मत कैसे हुई। उसके बाद आरोपियों ने झगड़ा करते हुए बारात की चढ़ाई रोक दी। दूल्हे को पकड़ कर घोड़ी से नीचे उतार दिया। इससे दूल्हे का सेहरा गिर गया। बाद में लोगों ने समझाइश कर बारात की निकासी पूरी कराई।
सौजन्य : Dainik bhaskar
नोट : यह समाचार मूलरूप से bhaskar.com में प्रकाशित हुआ है| मानवाधिकारों के प्रति सवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशिकिया है !