दलित की शादी में बजा डीजे तो पूर्व पार्षद ने बारातियों पर कर दिया तलवार से हमला, केस दर्ज
शिवपुरी. शिवपुरी जिले में दलित दूल्हे की शादी में DJ बजाकर बारात निकालने पर हंगामा हो गया. पूर्व पार्षद और उनके सहयोगियों ने बारात पर हमला बोल दिया. उन्होंने न सिर्फ डीजे के साथ तोड़फोड़ की. बल्कि जमकर पथराव किया और बारातियों पर तलवारों और लाठी-डंडों से हमला कर कई महिला और पुरुषों को घायल कर दिया. इस वारदात की रिपोर्ट दूल्हा और दुल्हन पक्ष के लोगों ने करैरा थाना पहुंचकर दर्ज कराई. पुलिस ने 3 नामजद सहित अन्य लोगों के विरुद्ध हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, नई तहसील करेरा के रहनेवाले श्रीलाल बिजोलिया पुत्र हरनाम सिंह की बेटी सोनम की शादी मंगलवार को जय अंबे वाटिका में आयोजित की गई थी. रात करीब 11:00 बजे जैसे ही सोनम की बारात उसके घर के पास पहुंची, बारात में डीजे पर गाना बजाने को लेकर वाटिका के पास रहनेवाले पूर्व पार्षद दिलीप सिंह यादव सहित उनके सहयोगी भड़क गए. उन्होंने डीजे को बंद कराने का प्रयास किया. इसी बात को लेकर बारातियों और वाटिका के पास रहने वाले पूर्व पार्षद दिलीप यादव व उनके सहयोगियों के बीच झड़प हो गई.
तलवार से हमला
पीड़ित पक्ष ने बताया कि जब डीजे को बंद करने से मना किया गया तो पूर्व पार्षद दिलीप यादव और उनके सहयोगी एकजुट होकर लाठी-डंडों और तलवार के साथ आए और बारातियों के साथ जमकर मारपीट की. आरोपियों ने बारात में शामिल पुरुषों के साथ महिलाएं और युवतियों को भी नहीं छोड़ा. डीजे को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया. इसी दौरान कई घरों की छत से बारात पर पथराव किया गया.
कार्रवाई की मांग
डीजे बजाने को लेकर बारातियों पर किए गए हमले के मामले को में दूल्हा और दुल्हन पक्ष के लोगों ने कार्रवाई की मांग को लेकर करेरा थाने में जमकर हंगामा किया. करैरा थाना प्रभारी टीआई सतीश सिंह चौहान ने बताया कि पूर्व पार्षद दिलीप यादव, अजय यादव, बलवंत सिंह यादव और उनके सहयोगियों के खिलाफ पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित मारपीट की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
सौजन्य : News18
नोट : यह समाचार मूलरूप से news18.com में प्रकाशित हुआ है| मानवाधिकारों के प्रति सवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशिकिया है !









