मुंगेर : सूद पर लिया 20 हजार रुपया नहीं लौटाने पर दलित मां-बेटी को पीट कर किया अधमरा
मुंगेर । महाजन से सूद पर 20 हजार रुपया लेने वाली दलित परिवार की मां-बेटी को दबंग महाजन ने मारपीट कर बुरी तरह जख्मी कर दिया। फरीदपुर ओपी द्वारा शिकायत दर्ज नहीं करने पर अर्द्धबेहोशी की अवस्था में बेटी को लेकर मां व परिजन शिकायत करने एसपी कार्यालय पहुंचे।
पीड़िता फरीदपुर ओपी क्षेत्र अंतर्गत छोटी केशोपुर निवासी हीरो पासवान की पत्नी डोली देवी ने बताया कि 7 महीना पहले पड़ोस के महाजन प्रदीप कुमार से 20 हजार रुपया सूद पर लिया था। अब तक वह कई किश्त में 19 हजार रुपया लौटा चुकी है। लेकिन प्रदीप कुमार शुक्रवार की रात करीब 8 बजे घर पर पहुंचा और सूद सहित 35 हजार रुपया डिमांड करने लगा। लेकिन पीड़िता ने सूद देने में असमर्थता जताते हुए 02 हजार रुपया और देने की बात कही।
इसी बात पर गाली गलौज करते हुए उसे और उसकी नाबालिग बेटी आंचल कुमारी जो 9वीं कक्षा की छात्रा है को जमकर लाठी डंडा से पिटाई कर डाली। फरीदपुर ओपी में इसकी शिकायत करने गए तो वहां पुलिस ने दोनों पक्ष को सुलह करने की बात कही। इसके बाद वह शिकायत दर्ज कराने एसपी कार्यालय पहुंची। एसपी जगुन्नाथ रेड्डी जलारेड्डी ने पीड़िता की शिकायत सुनने के बाद फरीदपुर ओपी अध्यक्ष को एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया। एसपी ने कहा कि एफआईआर दर्ज कर मारपीट करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी।
सौजन्य : Live hindustan
नोट : यह समाचार मूलरूप से livehindustan.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









