हजारीबाग में दबंगों ने दलित युवक की पीट कर की हत्त्या 11 लोगों पर मामला दर्ज, पूर्व सीएम बाबुलाल मरांडी ने कही यह बात
हजारीबाग: हजारीबाग में दबंगों द्वारा एक दलित युवक की हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। बता दें कि यह मामला हजारीबाग के केरेडारी थाना क्षेत्र के पचड़ा गांव का है।
घटना को लेकर बताया गया कि पचड़ा गांव में सीटन भुइयां नाम के दलित व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई और इसके बाद उसे बिजली के खंभे से लटका दिया गया। वहीं मामले को लेकर मृतक के परिजन अनिल कुमार भुइयां ने पचरा गांव के ही दबंग लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में आवेदन दिया है।
उन्होंने बताया कि पचरा गांव के कुछ दबंग व्यक्ति दलितों की बहू बेटियों के साथ अत्याचार कर उनका शोषण करते हैं। मामले को लेकर केरेडारी थाना प्रभारी ने बताया कि 11 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है, जिसमें 302 की धारा लगाई गई है।
5 अक्टूबर के दिन हुई थी यह घटना
घटना के संबंध में दलित परिवार का कहना है कि बीते 5 अक्टूबर के दिन एक दबंग व्यक्ति दलित युवती के साथ अश्लील हरकत करते हुए पकड़ा गया था। इस घटना की जानकारी दलित परिवारों ने दबंग परिवार को भी दी, लेकिन उस परिवार ने अश्लील हरकत करने वाले पर किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की। उल्टा दलित परिवारों के खिलाफ ही थाने में शिकायत दर्ज करा दिया। इसके बाद पूरे मामले को लेकर सीटन भुइयां एसटीएससी थाना पहुंचा और कार्रवाई के लिए आवेदन दिया, लेकिन पुलिस ने कोई कदम नहीं उठाया।
पूर्व सीएम ने कही यह बात
घटना को लेकर पूर्व सीएम बाबुलाल मरांडी ने ट्वीट करते हुए कहा कि खुद को आदिवासी और दलित का हितैषी बताने वाली हेमंत सरकार के कार्यकाल में कितने कितने आदिवासियों और दलितों पर अत्याचार हुए हैं और यह किसी से छिपा नहीं है। उनहोंने यह भी ट्वीट किया कि झारखंड पुलिस की असंवेदनशीलता और टालमटोल की नीति अपराध की आशंकाओं के बावजूद उसे रोक पाने में असफल रहती है। इन दोनों ट्वीट के माध्यम से पूर्व सीएम ने सरकार और झारखंड में कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
सौजन्य : Newsjhupdate
नोट : यह समाचार मूलरूप से newsjhupdate.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









