पीलीभीत में सामूहिक दुष्कर्म के बाद दलित किशोरी को तेल छिड़कर जला दिया, आईजी पहुंचे
उत्तर प्रदेश के ज़िला पीलीभीत में एक नाबालिग दलित के साथ दुष्कर्म के बाद तेल छिड़कर जलाए जाने का मामला सामने आया है. किशोरी 80 फ़ीसद तक झुलसी है. ज़िला अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है. शनिवार को थोड़ा होश में आने पर परिजनों को आपबीती बताई, तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने मुक़दमा दर्ज करके दोनों आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया है.
माधौटांडा क्षेत्र के शाहगढ़ के एक में गांव में सात सितंबर को ये घटना घटी है. परिजनों के मुताबिक, गांव ही दो लड़के राजवीर और ताराचंद ने घर में घुसकर उनकी बेटी के साथ बलात्कार किया. और बाद में हत्या के मक़सद से तेल छिड़ककर आग लगा दी. घटना को उस वक़्त अंजाम दिया गया, जब परिवार का कोई सदस्य घर पर नहीं था.
16 साल की किशोरी जो इस हादसे के बाद ज़िंदगी और मौत की जंग लड़ रही है. होश में आने पर उन्होंने दोनों आरोपियों के नाम अपने परिजनों को बताए हैं. शनिवार की देर शाम परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. जहां आरोपियों के ख़िलाफ आईपीसी की धारा-376, 307, 452, 504, 506, 428/22 पॉक्सो अधिनियम और एससी-एसटी के तहत मामला दर्ज किया गया है. एसपी दिनेश कुमार पी ने घटनास्थल का दौरा किया है. उन्होंने कहा कि दोनों आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया गया है. और मामले की जांच जारी है.
इस दिल दहलाने वाली घटना को लेकर हंगामा मचा है. और क़ानून व्यवस्था के मुद्दे पर विपक्ष राज्य सरकार पर हमलावर है. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, भीम आर्मी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आज़ाद के अलावा कई सामाजिक और महिला संगठनों ने घटना की निंदा करते हुए आरोपियों के ख़िलाफ सख़्त कार्रवाई की मांग की है.
हालांकि पुलिस ने अपने बयान में ये भी स्पष्ट किया है कि घटना के बाद स्थानीय थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई. मामला संज्ञान में आने के बाद फ़ौरन एक्शन लिया गया है.
इस घटना के बाद आईजी रमित शर्मा पीलीभीत पहुंचे हैं और पीड़ित परिवार से मुलाकात की. परिवार को इंसाफ़ का भरोसा दिलाया है. दूसरी तरफ़ किशोरी की तबीयत में ज़्यादा सुधार न होने पर उन्हें लखनऊ रेफ़र कर दिया गया है.
सौजन्य : Theleaderhindi
नोट : यह समाचार मूलरूप से theleaderhindi.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









