भीम फोर्स ने की दलित नेता के हत्यारों को फांसी की मांग
हल्द्वानी। भीम फोर्स बहुजन मूल निवास सेना ने अल्मोड़ा में दलित नेता की हत्या पर आक्रोश जताया है। उन्होंने सीएम को ज्ञापन भेजकर हत्यारों को फांसी की सजा दिलाने की मांग की है।
सोमवार को भीम फोर्स ने राजेश राज के नेतृत्व में तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। जिसमें उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में अनुसूचित जाति समाज के ऊपर अत्याचार बढ़ते जा रहे हैं। प्रदेश में जातिवाद चरम सीमा पर है। भिकियासैंण में अनुसूचित जाति के युवक की हत्या इसका ताजा उदाहरण है। उन्होंने सीएम से युवक के हत्यारों को फांसी की सजा दिलाने, जातिवाद खत्म करने के लिए सख्त कदम उठाने, जातिवाद की बलि चढ़ने वालों को एक करोड़ का मुआवजे के साथ परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने और अनुसूचित जाति वर्ग के हकों का संरक्षण करने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में रूपा देवी, राकेश सिंह, मनोज, शेखर चंद्र आदि रहे।
सौजन्य : Livehindustan
नोट : यह समाचार मूलरूप से livehindustan.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









