योगी के दलित मंत्री का छलका दर्द, कहा- मैं दलित हूँ, इसलिए मेरी कोई नहीं सुनता, अमित शाह को लिखा पत्र…
यूपी सरकार के जलशक्ति राज्यमंत्री की बात उनके विभाग के अफसर ही नहीं सुन रहे हैं। यही नहीं राज्यमंत्री को विभागीय बैठकों तक की सूचना नहीं दी जाती है। ना ही उनके किसी आदेश पर अधिकारी कोई कार्रवाई करने में रूचि लेते हैं। यह खुलासा खुद राज्यमंत्री दिनेश खटिक ने किया है। दरअसल यूपी सरकार के जलशक्ति राज्यमंत्री अधिकारियों की उपेक्षा से खफा हैं। राज्यमंत्री ने विभागीय अधिकारियों की शिकायत सीधे देश के गृहमंत्री अमित शाह से करते हुए खुद व खुद के समाज की उपेक्षा का आरोप लगाया है। यूपी सरकार में जल शक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटिक ने अपने विभाग के अधिकारियों पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए उपेक्षा करने का आरोप लगाया है। यही नहीं राज्यमंत्री ने अफसरों पर गड़बड़ियों के भी आरोप लगाए हैं।
राज्यमंत्री खटिक ने अपना दर्द बयान करते हुए गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर उपेक्षा की बात कही है। गृहमंत्री को लिखे पत्र में राज्यमंत्री ने खुद को दलित समाज से होने के कारण उपेक्षा का शिकार बनाने का आरोप लगाया है। पत्र में कहा गया है कि उनके ही विभाग के अधिकारी उनकी कोई बात नहीं सुनते हैं। ना ही उनके किसी आदेश का पालन होता है। केवल विभाग द्वारा गाड़ी उपलब्ध कराना ही अधिकारी राज्यमंत्री के दायित्वों को पूरा करना समझते हैं। दिनेश खटिक ने उपेक्षा और भेदभाव का आरोप लगाते हुए पत्र में प्रमुख सचिव सिंचाई की शिकायत भी गृहमंत्री से की है।
राज्यमंत्री ने लिखा कि प्रमुख सचिव सिंचाई अनिल गर्ग से उन्होंने बात करके विभागीय जानकारी लेनी चाही तो प्रमुख सचिव ने उनका फोन काट दिया और उनकी बात सुनना तक जरूरी नहीं समझा।
पत्र में आगे खटिक ने लिखा, मैं एक दलित जाति का मंत्री हूं, इसलिए इस विभाग में मेरे साथ बहुत भेदभाव किया जा रहा है। कहा है कि मुझे विभाग में कोई अधिकार नहीं दिए गए हैं। मेरे पत्रों का जवाब देना भी कोई अधिकारी उचित नहीं समझता। उनके द्वारा लिखे गए पत्रों पर आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गयी है। राज्यमंत्री ने नमामि गंगे प्रोजेक्ट के विकास कार्यों में अधिकारियों पर बड़ी गड़बड़ियों के आरोप लगाए हैं। लिखा है कि योगी सरकार की जीरो टोलरेंस नीति को भी ये अधिकारी प्रभावित कर रहे हैं। अंत में उन्होंने लिखा कि उत्तर प्रदेश के अधिकारी दलितों का अपमान कर रहे हैं। राज्यमंत्री ने उपेक्षा और गड़बड़ियों की जांच कराकर गृहमंत्री से संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
सौजन्य : Newstodaynetwork
नोट : यह समाचार मूलरूप से newstodaynetwork.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









