दलित परिवार का धरना समाप्त, एससी कमीशन के उपाध्यक्ष ने दिया न्याय का भरोसा
जामताड़ा : जामताड़ा – राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (एससी कमीशन) के उपाध्यक्ष अरुण हालदार से न्याय का आश्वासन मिलने के बाद चिरुडीह गांव के दलित परिवार ने धरना समाप्त कर दिया है. 2 जुलाई को इस परिवार से उपाध्यक्ष ने मुलाकात की. करीब 22 दिनों से यह परिवार अनुमंडल पदाधिकारी के आवास के समीप धरनारत थे. परिवार का आरोप है कि गांव में उनकी जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया गया है. उपाध्यक्ष से इस परिवार ने जमीन मुक्त कराने की मांग की.
उपाध्यक्ष ने कहा कि जिला प्रशासन मामले में हस्तक्षेप करता तो आयोग को यहां नहीं आना पड़ता. नारायणपुर प्रखंड परिसर के समीप धऱनारत एक दूसरे परिवार के बारे में उन्होंने कहा कि मामले का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए. संथालपरगना काश्तकारी अधिनियम के तहत बिना बिक्री वाले जमीनों की खरीद-फरोख्त नहीं हो सकती. आगामी 8 जुलाई को आयोग इस मामले की सुनवाई करेगा.
मौके पर बीजेपी जिला महामंत्री प्रवास हेंब्रम, जिला परिषद् अध्यक्ष राधारानी सोरेन, बीजेपी एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रकाश राम, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष रंजीत प्रसाद यादव, अनूप पांडेय, मुकेश यादव, दिलीप हेंब्रम, रंजीत राणा, संजय ओझा समेत अन्य मौजूद थे.
सौजन्य : lagatar
नोट : यह समाचार मूलरूप से lagatar.in में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









