पेटरवार बीडीओ ने दारिद के दलित बस्ती में ग्रामीणों की समस्याओं को जाना
मूलभूत सुविधाओं से वंचित दलित बस्ती के ग्रामीण शीर्षक से हिन्दुस्तान में गत 16 जून को प्रमुखता के साथ समाचार प्रकाशित होने के बाद बुधवार की सुबह सात बजे अपने कर्मियों के साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार चौरसिया प्रखंड के दारिद पंचायत अंतर्गत खुंटाहारा गांव के दलित बस्ती पहुंच कर ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं को काफी नजदीक से जाना और कई समस्याओं को ऑन द स्पॉट समाधान भी किया।
बीडीओ ने पंचायत सेवक राजू डे को निर्देश देते हुए कहा कि दारिद एन एच 23 से बस्ती तक की कच्ची सड़क का नापी कराते हुए डीएफटी मद की राशि से सड़क का निर्माण कराने के लिए संचिका तैयार करने का निर्देश दिया साथ ही साथ रजक टोला तालाब में डीएफटी मद से दो स्नानघाट का प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश दिया। ग्रामीणों को बीडीओ ने आश्वस्त करते हुए कहा कि पेयजल की जो भी समस्या है उसके लिए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग से बात कर जल्द ही शॉर्ट आउट कर दिया जाएगा। बता दे कि यहां मात्र दो चापाकल है। पेयजलापूर्ति हेतु पाइप लाइन बिछाकर होम कनेक्शन भी किया गया है लेकिन उपर बस्ती के लोगो को अब तक पानी नही मिल पाया है।
42 घरों का है दलित बस्ती: दारिद पंचायत के खुटा हारा का दलित बस्ती 42 घरों का है। इन सभी को पूर्व में ही इंदिरा आवास मिल चुका है। इस पर ग्रामीणों ने कहा कि वर्षो पूर्व बनाये गए आवास की स्थिति काफी जर्जर हो चुकी है। बीडीओ ने कहा कि पुराने आवास की मरम्मति करने का कोई प्रावधान नही है। ग्रामीणों ने बीडीओ को बताया कि 42 घरों की दलित बस्ती में मात्र तीन शौचालय का निर्माण कराया गया है जिसके कारण ग्रामीणों को खुले में शौच जाना पड़ता है। बीडीओ ने कहा कि इस मामले पर जल्द ही कोई ठोस निर्णय लिया जाएगा। बीडीओ ने आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका नीलू देवी से कहा कि यदि कोई वैसे ब्यक्ति जिन्हें वृद्धा पेंशन नही मिल पा रहा है उन्हें मुख्यमंत्री सर्वजन योजना के अंतर्गत उसे लाभ दिलाने के अग्रतर कार्रवाई करे ताकि उन्हें पेंशन का लाभ दिया जा सके।
सौजन्य : Livehindustan
नोट : यह समाचार मूलरूप से livehindustan.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









