दलित युवक के गले में सोने की चैन पहने देख भड़के दबंगों ने की पिटाई, सियासी बवाल
भोपाल। राजधानी में एक दलित व्यक्ति को सोने की चैन पहनना भारी पड़ गया। दरअसल, भोपाल से लगे नजीराबाद में एक युवक ने अपने परिवार से साथ मिलकर दलित व्यक्ति के साथ मारपीट की। वजह जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे। वजह ये थी कि दलित ने अपने गले में सोने की चैन पहनी थी। जिसे देख कुछ लोगों ने नशे की हालत में जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया साथ ही मारपीट करते हुए कहा कि तुम लोग कब से सोने की चैन पहनने लगे।
एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज
मारपीट के बाद थाने पहुंचे युवक ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। जिसके बाद नजीराबाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट और एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी बीपी सिंह के मुताबिक ग्राम नीमखेड़ी निवासी रामबाबू अहिरवार निजी काम करते हैं। शाम को वह घर से घूमने निकले थे। इस दौरान उनके साथ मारपीट हो गई।
रामबाबू के गले में सोने की चेन देखकर दीप ने रामबाबू पर कमेंट किया जिसके बाद मामला इतना बढ़ गया कि विवाद हाथापाई पर उतर आया। नशे की हालत में धुत्त दीप ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर रामबाबू की पिटाई कर दी। वारदात को अंजाम देने बाद आरोपी मौके भाग निकले। फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों की शिनाख्त कर तलाश शुरू कर दी है।
सौजन्य : Ibc24
नोट : यह समाचार मूलरूप से ibc24.in में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









