सहारनपुर में 4 मार्च को नाबालिग दलित छात्रा की रेप के बाद हुई थी हत्या
सहारनपुर के थाना देहात कोतवाली के एक गांव की नाबालिग दलित छात्रा के साथ 4 मार्च को दूसरे समुदाय के युवक ने रेप कर जहर दे दिया था। लड़की की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। लड़की के परिजन गमजदा हैं। वहीं नाबालिग छात्रा की मां रोते हुए पछतावा कर रही है। छात्रा की मां बोली, पिछले कई दिनों से आरोपी उनकी बेटी से छेड़छाड़ कर रहा था। इसके बारे में कई बार छात्रा ने अपने परिजनों को बताया था। मगर, परिवार की इज्जत के कारण चुप रहे। यदि तभी कार्रवाई कर लेते, तो आज बेटी जिंदा होती। उधर, रविवार को पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर अपने कई समर्थकों के साथ छात्रा के घर पहुंची और मां को आश्वासन दिया।
छात्रा को रेप के बाद दिया था जहर
बता दें कि एक गांव की एक नाबालिग छात्रा को गांव का ही साहिल और एक अज्ञात युवक बाइक पर बैठाकर ले गए थे। पहले आरोपी छात्रा को शहर के एक होटल में ले जा रहे थे। मगर, बाद में उन्होंने प्लान बदला और अपने गांव के जंगल में ले गए। वहां आरोपियों ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसे जहर पिला दिया। इसके बाद छात्रा की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी।
दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस
पुलिस ने आरोपी साहिल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं पुलिस अभी तक दूसरे आरोपी को तलाशने में नाकाम साबित हो रही है। पुलिस अभी तक अज्ञात युवक की पहचान तक नहीं कर पा रही है। पुलिस ने अब तक वह बाइक भी बरामद नहीं की है, जिस पर आरोपी छात्रा को लेकर गए थे।
पूर्व विधायक पीड़ित परिवार से मिले
पूर्व विधायक एवं भाजपा नेत्री शशिबाला पुंडीर, पूर्व विधायक डा. मामचंद लांबा, पार्षद नंद किशोर, पार्षद कार्तिकेय चौहान, सुधीर चौहान, आदित्य चौहान, अनम शर्मा आदि लोग रविवार को पीड़ित छात्रा के परिजनों से मिले। इस दौरान शशिबाला पुंडीर ने परिवार को आश्वासन दिया कि भाजपा की सरकार बनते ही वह उन्हें महालक्ष्मी सम्मान योजना के तहत 10 लाख रुपए सरकार से दिलाएगी।
सौजन्य : Dainik bhaskar
नोट : यह समाचार मूलरूप से bhaskar.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









