दलित होने के कारण सीएम कार्यक्रम में हुई उपेक्षा: विधायक
बखरी। बेगूसराय में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समाज सुधार यात्रा कार्यक्रम में मेरी घोर उपेक्षा की गई। विधायक होने के बावजूद सरकार और प्रशासन की ओर से मुझे उचित सम्मान नहीं दिया गया, बल्कि मेरा अनादर किया गया। यह कहना है बखरी विधानसभा क्षेत्र से सीपीआई विधायक सूर्यकान्त पासवान का।
श्री पासवान ने कहा कि चूंकि मैं दलित समाज से आता हूं और विपक्ष का विधायक हूं, शायद इसलिए अपमानित किया गया। विधायक ने कहा कि बेगूसराय में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में मुझे सरकार और प्रशासन की ओर से बार-बार आमंत्रित किया गया था। इसलिए मैंने सोचा कि जब मुझे बार-बार बुलाया जा रहा है तो मैं मुख्यमंत्री के सामने बेगूसराय जिले की ज्वलंत समस्याओं को उठाऊंगा। मगर वहां बुलाकर पहले तो मुझे पीछे बैठा दिया गया।
फिर भी मैं चुपचाप रहा कि बेगूसराय जिला की समस्याओं को उठाने के लिए अगर पीछे भी बैठना पड़ा तो कोई बात नहीं। लेकिन धीरे-धीरे मैंने महसूस किया कि मुझे दलित समाज का होने और विपक्ष का विधायक होने के कारण मेरी उपेक्षा की जा रही है। यहां तक कि मेरा नाम भी गलत संबोधित किया गया। बल्कि बिहार सरकार की प्रेस विज्ञप्ति में भी मेरा नाम गलत प्रकाशित किया गया है। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में मेरा अपमान बखरी विधानसभा के तीन लाख नागरिकों का अपमान है।
सौजन्य : Live hindustan
नोट : यह समाचार मूलरूप से livehindustan.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









