महादलितों के लिए बने शौचालय पर दबंगों का कब्जा
बेतिया । स्थानीय प्रखंड के पुरैनिया हरसरी पंचायत के दलित बस्ती में लोहिया स्वच्छता अभियान के तहत बने सामुदायिक शौचालय का अतिक्रमण कर वहां मवेशियों को बांधा जा रहा है। बता दें की पंचायत में सरकार के द्वारा बनाई गई लाखों की योजना आज मवेशियों के लिए चारा घर बना हुआ है। बावजूद इसके प्रशासन मौन है। पूर्व में भी पुरैनिया हरसरी पंचायत के वार्ड नंबर 8 के दलित बस्तियों के लोगों ने अतिक्रमण मुक्त कराने की गुहार की थी बावजूद आज तक सामुदायिक शौचालय का अतिक्रमण नहीं हट सका है।
ग्रामीणों के द्वारा बताया कि प्रशासन और पंचायत प्रतिनिधियों की मिलीभगत से एक तो सामुदायिक शौचालय दलित बस्ती से काफी दूर बना दिया गया और अब अतिक्रमणकारी उसमें मवेशियों को बांध रहे हैं। जिससे बस्ती के लोग शौचालय के उपयोग से वंचित है। आम सभा में भी उठा शौचालय का अतिक्रमण का मामला नवनिर्वाचित मुखिया अजीत कुमार दुबे उर्फ बाला दुबे के नेतृत्व में मंगलवार को आम सभा का आयोजन किया गया था। आम सभा में विकास की योजनाओं के चयन के साथ साथ ग्रामीणों ने सामुदायिक शौचालय के अतिक्रमण के मुद्दे को भी उठाया। हालांकि नवनिर्वाचित मुखिया ने भरोसा दिलाया कि वे सामुदायिक शौचालय का अतिक्रमण हटाने की दिशा में पहल करेंगे।
पूर्व में ग्रामीणों ने डीएम और पीएम को भी लिखे पत्र
दलित बस्ती से दूर सामूहिक शौचालय के निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने डीएम और सीएम को भी आवेदन लिखा है। जिसमे बताया कि वार्ड नंबर 8 दलित बस्ती के बजाय प्रशासन और पंचायत प्रतिनिधियों के मिलीभगत से बस्ती से काफी दूर शौचालय का निर्माण करा दिया गया है। जिससे महिलाओं और बच्चों को आने जाने में परेशानी हो रही है।
कोट
सामुदायिक शौचालय का अतिक्रमण किए जाने का मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। वैसे, इसकी जांच कराई जाएगी। शौचालय लोगों के उपयोग के लिए है। हरहाल में उसे अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।
सतीश कुमार
प्रखंड विकास पदाधिकारी, नरकटियागंज
कोट
मैं स्वयं बीडीओ से मिलकर सारी स्थिति से अवगत करा दिया हूं। बावजूद इसके सामुदायिक शौचालय से अतिक्रमण अभी तक नहीं हटाया जा सका है।
अजीत कुमार दुबे उर्फ बाला दुबे
नवनिर्वाचित मुखिया पुरैनिया हरसरी, पंचायत
सौजन्य : Dainik jagran
नोट : यह समाचार मूलरूप से jagran.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









