बीजेपी MP बृजभूषण सिंह का तंज, बोले- मुलायम ने अखिलेश को बनाया राजा, शिवपाल को मिला गुजारा भत्ता?
गोंडा. यूपी विधानसभा चुनाव के दौरान नेताओं के बयान चर्चा में बने हुए हैं. इस बीच भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि राजतंत्र में राजा का बड़ा बेटा ही राजा होता था बाकी बेटों भाइयों को गुजारा भत्ता मिलता था. इसी तरह मुलायम राजा थे और उनका बेटा अखिलेश ही राजा बना. शिवपाल यादव को सिर्फ गुजारा भत्ता मिलता है. सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने सीएम योगी को बुलडोजर बाबा बताते हुए कहा कि यूपी में बुलडोजर बाबा और ठोंको बाबा की सरकार है.
बीजेपी सांसद ने पंजाब के CM चरनजीत चन्नी के बयान पर पलटवार किया और कहा कि पंजाब चन्नी के बाप का नहीं है. पंजाब में UP का भी हिस्सा है. बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह कटरा बाजार विधानसभा क्षेत्र के आर्यनगर बाजार में भाजपा प्रत्याशी बावन सिंह के समर्थन में आयोजित भाजपा की चिंतन सभा को संबोधित करने पहुंचे थे. जनसभा में बीजेपी सांसद ने कहा कि अभी पांच हजार वर्ष कलयुग बीता है और इसी में जिन्ना फिन्ना सब पैदा हो गए. सपा पर हमला करते हुए सांसद ने कहा कि सपा जीती तो जीत का सेहरा किसी ब्राम्हण, ठाकुर या दलित के सिर नहीं बल्कि रमज़ान के सिर पर बंधेगा. उन्होंने भाजपा प्रत्याशी बावन सिंह को जिताने की अपील की.
20 फरवरी को होगा तीसरे चरण का मतदान
यूपी की 403 विधानसभा सीटों पर कुल सात चरणों में मतदान होना तय है. पहले चरण का मतदान 10 फरवरी को हो चुका है. जबकि 14 फरवरी को दूसरे चरण, 20 फरवरी को तीसरे चरण का, 23 फरवरी को चौथे चरण, 27 फरवरी को पांचवें चरण, 3 मार्च को छठे चरण और 7 मार्च को सातवें चरण का मतदान होगा. वहीं, वोटों की गिनती 10 मार्च को होगी.
सौजन्य : Hindi news18
नोट : यह समाचार मूलरूप से hindi.news18.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









