ऐसा दलित नेता जो सामान्य सीट से बना 5 बार विधायक
लखीमपुर-खीरी।राजनीति में ऐसा कम ही होता है कि कोई दलित नेता सामान्य सीट से लड़े और जीत का परचम लहरा दे। खीरी जिले के बाबू जगन्नाथ प्रसाद ने यह करिश्मा किया था। वह धौरहरा सीट से एक-दो बार नहीं, पूरे पांच बार विधायक रहे। बाद में वह सुरक्षित सीट पर भी चुनाव लड़े और वहां भी जीते।
मूलत: उन्नाव के रहने वाले बाबू जगन्नाथ प्रसाद वैसे तो निघासन तहसील में कानूनगो थे। उनका व्यवहार ऐसा था कि कब वह कर्मचारी से नेता बन गए, पता ही नहीं चला। आजादी के बाद हुए पहले आम चुनाव में बाबू जगन्नाथ लखीमपुर उत्तरी से कांग्रेस के टिकट पर लड़े और जीत गए। अगले चुनाव 1957 में वह दल बदलकर पीएसपी के टिकट पर उतरे और धौरहरा से जीत दर्ज कर विधानसभा पहुंचे। वर्ष 1962 में पीएसपी के टिकट पर चुनाव लड़े और हार गए जबकि वर्ष 1967 के आम चुनाव में पीएसपी के टिकट पर जगन्नाथ प्रसाद धौरहरा से फिर चुनाव जीते। वर्ष 1969 के चुनाव में प्रसाद कांग्रेस में शामिल हुए और पार्टी ने टिकट दिया तो जगन्नाथ प्रसाद फिर चुनाव भी जीत गए।
रुख भांपकर बने निर्दलीय, दी सबको पटखनी
खमरिया के पंडित रघुनंदन प्रसाद मिश्र बताते हैं कि 1977 का चुनाव आया। इमरजेंसी के बाद कांग्रेस के खिलाफ हवा चल रही थी। बाबू जगन्नाथ प्रसाद पिछले कई चुनावो में कांग्रेस के विधायक रहे थे। उनको हवा का रुख पता चल गया। बाबू जगन्नाथ ने चुनाव में उतरने का फैसला किया, लेकिन बिना किसी दल के झंडे, बैनर के साथ। वह निर्दलीय लड़ गए। उस वक्त जिले में सात विधानसभा सीटें थीं। छह पर जनता पार्टी जीतकर आई जबकि धौरहरा में बाबू जगन्नाथ प्रसाद ने जनता पार्टी के रघुनंदन सिंह को पटखनी दी और जीतकर विधायक बन गए।
सुरक्षित सीट पर भी कामयाबी
वर्ष 1980 के चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़कर विधानसभा में पहुंचने का सपना पूरा नहीं हो सका। 1980 में मिली हार के बाद जगन्नाथ प्रसाद ने लोकसभा चुनाव में मोहनलालगंज सुरक्षित सीट से कांग्रेस के टिकट पर किस्मत आजमाई, जहां जीत हासिल कर पहली बार संसद पहुंचे। इसके बाद जगन्नाथ प्रसाद कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हो गए। बीजेपी ने जगन्नाथ को 1993 में खीरी जिले की मोहम्मदी सुरक्षित सीट से मैदान में उतारा। जगन्नाथ यह चुनाव जीतकर एक बार फिर विधसनसभा पहुंचे। 1995 में हुए मध्यावधि चुनाव में बाबू जगन्नाथ प्रसाद ने बतौर निर्दल धौरहरा सीट पर चुनाव लड़ा।
सौजन्य : Live hindustan
नोट : यह समाचार मूलरूप से livehindustan.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









