36 मजदूरों व 19 बच्चों को मुक्त कराने की मांग
पाटी : जागृत दलित आदिवासी संगठन कार्यक्रर्ताओं ने शनिवार को स्थानीय थाने पर कर्नाटक में फंसे 36 मजदूरों व 19 बच्चों को मुक्त कराने की मांग को लेकर कलेक्टर व एसपी के नाम का ज्ञापन थाना प्रभारी आरके लौवंशी को सौंपा। साथ ही संबंधित ठेकेदार के खिलाफ मानव तस्करी की धाराओं में कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। उधर ज्ञापन सौंपने के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस ने कर्नाटक पुलिस से चर्चा की और शाम को वहां से करीब 16 श्रमिकों को उनके बच्चों को बस से पाटी के लिए रवाना किया गया।
संगठन के कार्यकर्ता वालसिंग सस्ते ने बताया कि पाटी विकासखंड के ग्राम सेमली, कंड्रा व उबादगड़ के लगभग 36 महिला-पुरुष व 19 बच्चे कर्नाटक के बेलागावी जिले में लगभग तीन महीनों से फंसे हुए हैं। ग्रामीण ग्राम करनाल व ग्राम हलकट्टी जो कि रामदुर्ग पुलिस थाने के इलाके में आता है, में हैं। ग्रामीणों ने बताया कि तीन व्यक्ति जो की फैक्ट्री में बंधक बनाए गए थे, उन्हें प्रशासन के दखल के बाद छोड़ा गया है। शेष बचे लोगों को वहां के खेत मालिक ने बेदखल कर दिया है। जिन्हें ठेकेदार अन्य जगह बंधुआ मजदूरी करने के लिए दबाव बना रहा है। इस दौरान कार्यकर्ता तुकाराम, नासरी बाई, कुवरसिंग, भाकरिया, शिला सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
बस से रवाना हुए श्रमिक
थाना प्रभारी आरके लौवंशी ने बताया कि क्षेत्र के श्रमिकों को लेकर कर्नाटक पुलिस से चर्चा की गई। इस पर 16 श्रमिकों व उनके बच्चों को बस के माध्यम से वापस रवाना किया गया है। शेष श्रमिकों से चर्चा हुई है तो उन्होंने सोमवार को खेत मालिक से हिसाब होने के बाद आने की बात कही है।
सौजन्य : naidunia.com
नोट : यह समाचार मूलरूप से naidunia.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









