शादी का झांसा देकर 3 साल तक किया दुष्कर्म; फिर बोला-दलित के साथ शादी नहीं कर सकता
हरियाणा : एक युवती की शिकायत पर शहर यमुनानगर थाना पुलिस ने अशोका कॉलोनी निवासी अक्षय, उसके पिता अजय और मां पूनम पर केस दर्ज किया है। अक्षय पर शादी का झांसा देकर तीन साल तक दुष्कर्म करने का आरोप है। वहीं, उसके माता-पिता पर गाली-गलौज करने व जाति सूचक शब्द कहने का आरोप। आरोपी ने साल 2018 में युवती से दोस्ती की थी। कहा था कि वह उससे प्यार करता है और शादी करना चाहता है।
अगर उससे शादी नहीं की तो वह सुसाइड कर लेगा। युवती से दोस्ती करने के बाद आरोपी ने तीन साल तक रेप किया। शादी की बात आई तो कहा कि वह दलित है। इसलिए शादी नहीं कर सकता। पीड़िता के पिता नगर निगम में सफाई कर्मी थे। उनकी कई साल पहले मौत हो चुकी है। आरोप है कि आरोपी ने कहा था कि उसकी अधिकारियों से जान पहचान है और उनके परिवार से किसी को नगर निगम में नौकरी लगवा देगा, लेकिन किसी को नौकरी नहीं लगवाया। परेशान होकर पीड़िता ने शिकायत पुलिस को दी।
आरोपी के माता-पिता ने की गाली-गलौज
युवती ने शिकायत में बताया कि वह चार साल पहले मीरा बाजार में गई थी। वहां उसे अक्षय मिला। उसने घर तक उसका पीछा किया। एक दिन उसे रोक कर कहा कि वह उसे प्यार करता है। आरोपी ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया। आरोपी ने उसे शादी करने का झांसा दिया। उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया।
आरोपी उनके घर पर आता था और उसकी विधवा मां को भरोसा देता था कि वह उसकी बेटी से शादी कर लेगा। तीन साल तक आरोपी उसका शारीरिक शोषण करता रहा। 10 जनवरी को वह अपनी मां को साथ लेकर आरोपी के माता-पिता से मिलने के लिए गई। उसने अक्षय के माता-पिता को अपनी रिश्ते के बारे में बात बताई तो वे उसने गाली गलौज करने लगे और जाति सूचक शब्द कहे। आरोप है कि उनके चरित्र पर सवाल उठाए। अक्षय ने भी वहां उन्हें जाति सूचक शब्द कहे।
सौजन्य : Dainik bhaskar
नोट : यह समाचार मूलरूप से bhaskar.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !