कब्रिस्तान से पेड़ काटने को लेकर संप्रदाय विशेष में रोष
मुजफ्फरनगर। ककरौली में दलित समाज के कब्रिस्तान में हरे-भरे पेड़ काटने की सूचना पर पहुंचे मुस्लिम समुदाय के लोगों में रोष व्याप्त हो गया। ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग की। नायब तहसीलदार जानसठ जसमेंद्र कुमार व ककरौली पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
ककरौली के बेहड़ा सादात गांव में जानसठ मार्ग पर कब्रिस्तान है, जो शिया वक्फ बोर्ड में दर्ज है। मंगलवार को कब्रिस्तान में हरे-भरे पेड़ कटने की जानकारी पर सैकड़ों व्यक्ति घटनास्थल पर पहुंच गये तथा कटे हुए वृक्ष देखकर आक्रोशित हो गए। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बताया कि दलित समाज के लोगों ने कब्रिस्तान में खड़े लगभग 40 हरे-भरे वृक्षों को काट दिया। ग्रामीणों को देखकर आरोपित भाग गये। कुछ ग्रामीण कब्रिस्तान में उपले बनाकर व दर्जनों बिटौड़े खड़े कर अतिक्रमण कर रहे हैं। थानाध्यक्ष सुनील शर्मा ने शरारती तत्वों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर हंगामा कर रहे ग्रामीणों को शांत किया। नायब तहसीलदार जसमेंद्र कुमार, कानूनगो अनुज शर्मा व लेखपाल संजीव शर्मा ने नक्शे सहित भूमि का मुआयना किया, जिसमें खसरा संख्या 991/6 में 2.602 हेक्टेयर अथवा लगभग 38 बीघा भूमि में कब्रिस्तान दर्ज है। अधिकारियों ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सौजन्य : Dainik jagran
नोट : यह समाचार मूलरूप से jagran.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !








