घर में घुसकर दलित परिवार पर हमला, महिलाओं से छेड़छाड़
कोतवाली देहात क्षेत्र के एक गांव में कुछ लोगों ने एक घर में घुसकर दलित परिवार पर हमला कर दिया। परिवार की महिलाओं से मारपीट एवं छेड़छाड़ की गई। एक युवक को चाकू से हमला कर घायल कर दिया। पीड़ित पक्ष ने लूटपाट का भी आरोप लगाया है। देहात पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक गांव निवासी पीड़ित व्यक्ति ने कोतवाली देहात में कोर्ट के आदेश पर दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि गांव के ही कुछ लोग उनसे रंजिश मानते हैं। 30 सितंबर की शाम को आरोपी पक्ष के लोग उनके घर में घुस आए। आरोपियों द्वारा वादी एवं उसके परिवारीजनों के साथ गाली-गलौच कर जातिसूचक शब्द कहते हुए मारपीट शुरू कर दी। वादी की मां और भाई की पत्नी ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो उनके साथ मारपीट कर अभद्रता करते हुए छेड़छाड़ की गई।
परिवार के एक युवक पर चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया गया। एक महिला के कुंडल छीन लिए गए। शोर मचाने पर लोगों को एकत्र होते देखकर आरोपी फरार हो गए। पीड़ित पक्ष के अनुसार उनके द्वारा उसी दौरान कोतवाली देहात में तहरीर दी गई, किंतु पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके चलते उन्हें कोर्ट की शरण लेनी पड़ी। कोतवाली देहात पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसपी सिटी सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि देहात पुलिस को मामले में निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है।
सौजन्य : Hindustan
नोट : यह समाचार मूलरूप से livehindustan.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









