राज्यसभा सदस्य जांगड़ा पर हमला करने वालों पर दर्ज हो मुकदमा
दलितों-पिछड़ों पर बढ़ते अत्याचारों पर चिता जताई -जल्द होगी हिसार में समस्त पिछड़ा वर्ग महापंचायत जागरण संवाददाता, हिसार : अखिल भारतीय जांगिड़ ब्राह्मण महासभा की जिला इकाई की बैठक विश्वकर्मा धर्मशाला में हुई जिसमें जांगड़ा समाज के प्रमुख लोगों ने भाग लेते हुए हरियाणा प्रदेश में दलितों पिछड़ों पर बढ़ रहे अत्याचारों पर चिता जताते हुए इन पर अंकुश लगाने की मांग की है।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए पूर्व प्रदेशाध्यक्ष महाबीर जांगड़ा मुंढाल ने कहा कि जब दलितों पिछड़ों के विधायक, सांसद प्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं है तो गांव में बसने वाले गरीबों की हालत क्या होगी, इसका अनुमान लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पहले दलित सांसद सुनीता दुगगल पर हमला हुआ फिर डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा पर तथा सांसद नायब सिंह सैनी पर हमला हुआ। 5 नवम्बर को विश्वकर्मा जयंती पर नारनौंद में राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा पर हमले की घटना लोकतंत्र पर शर्मनाक दाग है। उस दिन सांसद रामचंद्र जांगड़ा सबके आराध्य देव भगवान विश्वकर्मा धर्मशाला की नींव रखने पहुंचे थे।
पूर्व प्रदेशाध्यक्ष महाबीर जांगड़ा ने कहा कि सांसद रामचंद्र जांगड़ा पर जानलेवा हमला करने वालों पर धारा 307 का केस दर्ज होना चाहिये। बैठक में उपस्थित लोगों ने हरियाणा सरकार को भी चेतावनी दी है कि अगर राज्यसभा सांसद पर हमला करने वालों पर धारा 307 के तहत मुकदमा दर्ज नहीं किया गया तो जल्द ही हिसार में समस्त पिछड़ा वर्ग महापंचायत का आयोजन कर आगे की रणनीति का ऐलान किया जाएगा। बैठक में डॉ. कुलवंत सिंह जरांगड़ा, रामतीर्थ सुथार, रामकुमार उपस्थित रहे।
सौजन्य : Dainik jagran
नोट : यह समाचार मूलरूप से www.jagran.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









