दलित परिवार की पिटाई में नहीं दर्ज हुआ मुकदमा
राजेसुल्तानपुर । थाना क्षेत्र राजेसुलतानपुर अंतर्गत ग्राम परसनपुर में दलित परिवार की फसल को दबंगों ने जबर्दस्ती कटवाने के लिए खेत में मशीन लगा दिया। जानकारी होने पर जब दलित परिवार ने विरोध किया तो पति पत्नी और बच्चे को दबंगों ने पीट पीटकर मरणासन्न कर दिया, परन्तु पीड़ितों का मुकदमा अभी तक दर्ज नहीं हो सका है।
थाना राजेसुल्तानपुर के ग्राम परसनपुर निवासी दलित लालमन अपने खेत में धान की फसल लगाए हुए थे जिसे बगल के ही दबंग ने जबर्दस्ती काटना चाहा तो पीड़ितों ने विरोध किया। विरोध पर दबंगों ने जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें लालमन, उनका पुत्र और पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस मुकदमा दर्ज करने में हीलाहवाली कर रही है। मुकदमा दर्ज न होने से नाराज ग्रामीण थाने पहुंच गए जहां क्षेत्राधिकारी आलापुर जगदीश लाल भी पहुंचकर पीड़ितों को समझाया और जांच कर मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन दिया।
क्षेत्राधिकारी के संज्ञान में मामला आने पर क्षेत्रीय लेखपाल, थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने खेत की पैमाइश कराई। पीड़ितों की खतौनी और फसल उनके खेत में पाई गई फिर भी जांच के नाम पर पुलिस मुकदमा दर्ज करने में हीलाहवाली कर रही है। मुकदमा दर्ज न होने पर पीड़ितों ने क्षेत्राधिकारी आलापुर एवं पुलिस अधीक्षक से मिलकर मुकदमा दर्ज कर विपक्षियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। उधर भीम आर्मी के निखिल राव ने मामले में कार्रवाई न होने पर थाना घेराव की चेतावनी दी है।
सौजन्य: Live hindustan
नोट : यह समाचार मूलरूप से www.livehindustan.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









