जमीन विवाद में दबंगों ने दलित को खंभे से बांधकर-पीटा:पीड़ित की तहरीर पर 3 के खिलाफ FIR, खेत में तार लगाने के लिए हुआ विवाद
एत्मादपुर में जमीन के विवाद में दबंगों ने दलित की बिजली के खंभे से बांधकर पिटाई की। मामले में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट का मुकदमा दर्ज किया है। मामला खंदौली थाना क्षेत्र के वहरामपुर का है।
वल्केश्वर आगरा निवासी अरविंदपाल सिंह और वहरामपुर थाना खंदौली निवासी अरविंद सिकरवार का खेत आसपास है। खेत के कुछ हिस्से को लेकर दोनों पक्षों मे पुराना विवाद चला आ रहा है। कुछ समय पूर्व अरविंद सिकरवार ने विवादित जगह पर तार लगाकर खंभे लगा दिए थे।
मंगलवार को अरविंदपाल ने अपने कर्मचारी मुलायम सिंह निवासी राधा नगर वल्केश्वर आगरा को वहरामपुर खेत पर भेजा था। मुलायम सिंह और उसके साथ गये मंगेश सिंह ने विवादित जमीन से तार खोल दिए। जिसकी सूचना अरविंद सिकरवार को हुई तो वह अपने पुत्र दीपक और रूपेश के साथ मौके पर पहुंच गया।
आरोप है कि अरविंद सिकरवार और उसके लडकों ने मुलायम सिंह और मंगेश पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।जाति सूचक शब्द का प्रयोग कर बिजली के खंभे से बांध कर पिटाई की। चीख पुकार पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे किसी तरह बचाया।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला और एससी-एसटी एक्ट का मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सौजन्य :दैनिक भास्कर
नोट: यह समाचार मूल रूप सेbhaskar.com में प्रकाशित हुआ है|और इसका उपयोग पूरी तरह से गैर-लाभकारी/गैर-व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए विशेष रूप से मानव अधिकार के लिए किया गया था।








