शादी में लगानी पड़ गई 3 थानों की पुलिस, आखिर ऐसा क्या हुआ
अलवर जिले के लामचपुर गांव का राहुल कुमार शादी करेगा यह तो पता था लेकिन उसके शादी में तीन थाने की पुलिस उसकी सुरक्षा के लिए तैनात होगी यह उसने बिल्कुल नहीं सोचा था। दरअसल, राहुल कुमार दलित हैं, उन्हें शादी के दौरान बारात में घोड़ी चढ़ने का रस्म करना था लेकिन गांव के कुछ दबंगों ने राहुल कुमार को ऐसा करने से मना कर दिया, और चेतावनी दी कि तुम ऐसा नहीं कर सकते।
घोड़ी पर चढ़कर बारात निकाली तो..
राहुल ने इस बात की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस ने राहुल को सुरक्षा देने की बात कहकर घोड़ी चढ़ने का रस्म करने को कहा। पुलिस अगले ही पल सुरक्षाबलों के साथ राहुल के बारात में सुरक्षा देने पहुंच गई। एक समय के लिए तो खुद राहुल को विश्वास नहीं हुआ कि उसकी शादी तीन थानों की पुलिस की मौजूदगी में हो रही है। विवाह के कार्यक्रम तक पुलिस मौजूद रही। इस दौरान दबंग दलित दूल्हे को घोड़ी से उतारने की हिम्मत नहीं जुटा पाए।
दूल्हे राहुल ने बताया कि शादी से पहले गांव के कुछ दबंगों ने उसे धमकी दी थी कि अगर घोड़ी पर चढ़कर बारात निकाली तो अच्छा नहीं होगा। उसे लगातार धमकी मिल रही थी कि इस इलाके से बारात निकलने नहीं दी जाएगी। हालांकि दूल्हा राहुल डरा नहीं और उसने खुद जिला प्रशासन से इसकी शिकायत की।
इन थानों की पुलिस रही मौजूद
प्रशासन ने राहुल को भरोसा दिया कि तुम बारात निकालो कुछ नहीं होगा। और फिर राहुल की बारात तीन थानों की पुलिस सुरक्षा में निकली। इस दौरान मुंडावर थाना प्रभारी, कोटकासिम थाना प्रभारी और ततारपुर थाना प्रभारी खुद पुलिस जाप्ते के साथ चल रहे थे। और इस पूरी प्रक्रिया के दौरान राहुल की शादी का ये कार्यक्रम पुलिस छावनी में तब्दील हो गया और लगा कि बारात में पुलिस वाले भी बाराती बने हैं। मामला अलवर जिले के लामचपुर गांव का है।
सौजन्य : Patrika
नोट: यह समाचार मूल रूप से patrika.com में प्रकाशित हुआ है|और इसका उपयोग पूरी तरह से गैर-लाभकारी/गैर-व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए विशेष रूप से मानव अधिकार के लिए किया गया था।









