कानपुर में बौद्ध कथा कराने पर दलित समुदाय पर हमला:ताबड़तोड़ फायरिंग, जमीन पर गिराकर पीटा; धमकी दी-दोबारा आयोजन हुआ तो लाशें उठेंगी
कानपुर से बड़ी खबर है। सोमवार देर रात बौद्ध कथा करा रहे दलित समुदाय पर हमला कर दिया गया। ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। कथा कराने वाले आयोजकों को जमीन पर गिराकर पीटा। संत रविदास की प्रतिमा को भी खंडित कर दिया। पंडाल में रखी कुर्सियां तक तोड़ दी।
लोगों ने दलित समुदाय को धमकी दी। कहा, अगर अब गांव में बौद्ध कथा का आयोजन हुआ तो लाशें उठेंगी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। सुरक्षा के लिहाज से गांव में PAC और भारी पुलिस बल को तैनात किया गया है। चार आरोपियों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। घटना साढ़ थाना क्षेत्र के पहेवा गांव की है।
हमलावरों ने संत रविदास की प्रतिमा को भी खंडित कर दिया।
हमलावरों ने संत रविदास की प्रतिमा को भी खंडित कर दिया।
दूसरे वर्ग के लोगों ने गोली मारने की दी धमकी
साढ़ थाना क्षेत्र के पहेवा गांव में रहने वाले राम सागर पासवान ने बताया, सोमवार देर रात गांव में बौद्ध कथा का आयोजन कराया गया था। इससे नाराज दूसरे वर्ग के लोगों ने देर रात दलित समुदाय पर हमला कर दिए। कथा कराने वाले लोगों के साथ ही अन्य को खींचकर लाठी-डंडों से पीटा। इसके बाद ताबड़तोड़ और फायरिंग की। चेतावनी देते हुए कहा, अगर अब इस तरह का आयोजन गांव में हुआ तो गोली मार देंगे।
राम सागर पासवान ने कहा, दूसरे वर्ग के लोगों ने रविदास की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। वहां रखी कुर्सियां और मेज तोड़ते हुए आयोजन स्थल को परी तरह से बर्बाद कर दिया। समुदाय के लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
सूचना पर गांव में पुलिस पहुंची। लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली।
पुलिस के पहुंचने से पहले भाग निकले हमलावर
मामले की जानकारी मिलते ही ACP अभिषेक पांडेय, साढ़ थाना प्रभारी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक आरोपी मौके से भाग चुके थे। पुलिस ने पीड़ित आयोजक राम सागर पासवान की तहरीर पर 8 लोगों के खिलाफ बलवा, मारपीट, डकैती, SC-ST एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। इसके साथ ही 4 आरोपियों को हिरासत में लिया है।
डीसीपी साउथ रवींद्र कुमार ने ग्रामीणों को बुलाकर समझाया।
विधायक के PRO समेत 8 के खिलाफ FIR
साढ़ थाने की पुलिस ने हमला करने के मामले में घाटमपुर की विधायक सरोज पूरी के PRO मनीष तिवारी, चंद्रभान मिश्रा, गोलू मिश्रा, शिवम मिश्रा, जीतू मिश्रा, अरुण कोटेदार, किन्नर मिश्रा, विशंभर मिश्रा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोप है कि इन सभी ने गुंडों के साथ मिलकर आयोजन स्थल पर हमला किया और जमकर मारपीट की।
भीम आर्मी के कार्यकर्ता पहुंचे गांव, PAC और पुलिस बल तैनात
इधर, घटना की सूचना मिलते ही भीम आर्मी के कार्यकर्ता गांव पहुंचे। अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर आयोजन स्थल पर बैठ गए। यहां पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर बुझाकर प्रतिमा स्थापित करवाने को कहा। इसके बाद भी ग्रामीण एसडीएम को बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं। गांव में तनाव के माहौल को देखते हुए भारी पुलिस बल के साथ पीएसी बल तैनात किया गया है।
गांव में लोगों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस और PAC के जवान तैनात किए गए हैं।
चार लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस कर रही पूछताछ
घाटमपुर एसीपी दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया, 4 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। गांव में हर साल कार्यक्रम का आयोजन होता था। घटना की जांच की जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।
सौजन्य : दैनिक भास्कर
नोट : समाचार मूलरूप से.bhaskar.com मे प्रकाशित हुआ है मानवाधिकारों के प्रति सवेदन शीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित|









