मुख्यमंत्री ने मुख्य टीम में मुझे लेकर साबित किया कि वह दलित प्रेमी हैं : कटारिया
चंडीगढ़ (चंद्र शेखर धरणी) : हरियाणा के चीफ मीडिया कॉर्डिनेटर सुदेश कटारिया ने शुक्रवार को हरियाणा सचिवालय में अपनी जिम्मेदारी संभालने के दौरान पंजाब केसरी से विशेष बातचीत की। उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल को पीड़ित, वंचित, दलित वर्ग तथा आखिरी पंक्ति में खड़े आखिरी व्यक्ति का सबसे बड़ा हितैषी बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने मुख्य टीम में मुझे लेकर यह साबित किया है कि वह दलित प्रेमी हैं।
इस ऐतिहासिक कार्य के लिए उनका तहदिल से आभारी हूं। कटारिया ने कहा कि 1966 हरियाणा गठन के बाद से अब तक बहुत से मुख्यमंत्री आए, लेकिन किसी ने दलित समाज की सुध नहीं ली। बहुत से हमारे पूर्वजों ने बड़े-बड़े आंदोलन किए। बहुत से बुजुर्ग राम को प्यारे हो गए। लेकिन इस वंचित समाज की तीन मुख्य मांगे प्रमोशन में आरक्षण, हरियाणा में अनुसूचित आयोग और सफाई कर्मचारी आयोग के लिए पूर्वजों ने खूब नारेबाजियां की। लेकिन किसी मुख्यमंत्री ने इसकी जरूरत नहीं समझी। जबकि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बिन मांगे सभी मांगे पूरी की हैं।
डॉ. अंबेडकर के बाद मनोहर लाल ने सबसे अधिक दलित हित में काम किए : कटारिया
कटारिया ने कहा कि बहुत मुश्किल से पढ़ लिखकर दलित समाज का बच्चा अगर क्लर्क भर्ती होता था तो इसी पद से वह रिटायर हो जाता था। सबसे पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने योग्यता के आधार पर नौकरी देने का काम करके दलित को सबसे अधिक फायदा पहुंचाया है। दलित समाज का ना पहले कोई माईबाप था और ना ही कोई राजनीतिक रसूक था, पैसों के अभाव वाले इस समाज के बच्चे पहले नौकरी नहीं लगते थे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इन सभी बातों को धराशाही किया। पिछले विधानसभा सत्र में प्रमोशन में आरक्षण की घोषणा खुद मुख्यमंत्री ने की और इसे लागू भी कर दिया है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा, ओमप्रकाश चौटाला और बंसीलाल के सामने हमारे समाज ने लगातार हरियाणा में अनुसूचित आयोग बनाने की मांग की। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इसे एक कलम से पूरा किया। हमारी पुरानी मांग सफाई कर्मचारी आयोग बनाने की थी, मुख्यमंत्री ने बिन मांगे ही यह भी बनाने की घोषणा की है। यानि बिन मांगे मोती मिले, मांगे मिले ना भीख। पहले हम मांगते थे लेकिन हमें भीख भी नहीं मिली और अब मनोहर लाल ने बिन मांगे ही हमारी झोली मोतियों से भर दी है। अगर मैं कहूं कि डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के बाद दलित हित में सबसे अधिक किसी ने काम किया है, वह है मुख्यमंत्री मनोहर लाल।
चीफ मीडिया कोऑर्डिनेटर सुदेश कटारिया ने कहा कि मीडिया के प्रति मनोहर का प्रेम सदा रहा है। उन्होंने मीडिया की हर समस्या का संजीदगी से समाधान किया गया है। युटयूबर, डिजिटल मीडिया वाले लोगों की कभी किसी ने सुध नहीं ली थी। मुख्यमंत्री ने चूल अचुल परिवर्तन करके आखिरी पंक्ति वाले हर व्यक्ति को आगे लाने का प्रयास किया है। युद्ध स्तर पर परिवर्तन हुए हैं और तीसरी बार प्रचंड बहुमत से हरियाणा में सरकार मनोहर लाल की बनेगी। उन्होंने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा मुंगेली लाल के सपने देख रहे हैं। पोर्टलों के खिलाफ बोलने वाले हुड्डा खुद आज पोर्टलों की तारीफ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का हरियाणा में कुछ भी नहीं है। ना ही इनका संगठन है और ना ही कार्यकर्ता। जिस प्रकार से विकसित देशों में एक ही छत के नीचे सभी योजनाओं का लाभ मिला करता था, आज ऐसा हरियाणा में हो रहा है। सरकारी योजनाओं का लाभ न लेने वाले 39 लाख लोग मुख्यमंत्री की सोच से लाभान्वित हुए हैं। जनता खुश है और जनमत मनोहर लाल के पक्ष में है। तीसरी बार हरियाणा में सरकार लाने के लिए जनता इंतजार कर रही है।
सौजन्य : Punjab kesari
नोट : समाचार मूलरूप से punjabkesari.in में प्रकाशित हुआ है नवाधिकारों के प्रति सवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित !









